राजेन्द्र रंजन गायकवाड (सेवा निवृत जेल अधीक्षक) बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w)6395080071
कर्मफल (भाग 25)
जून 1984 से जुलाई 1994 तक दस वर्ष, समय की नदी में ये दस साल ऐसे बहे जैसे कोई मंद गति से बहती हुई गंगा, जिसमें कई छोटी-बड़ी लहरें थीं, कई गहरे भँवर थे और कई किनारे जहाँ थोड़ी देर के लिए साँस ले ली जा सकती थी पर रुकना नहीं था।
राजन बैंक की नियमित नौकरी में सेवारत सुबह साढ़े नौ बजे कालोनी से कभी पैदल कभी साइकिल से निकलता, शाम पाँच बजे लौटता लेकिन उसके दिन का असली हिस्सा रात में शुरू होता। छोटे से बल्ब की लाइट के नीचे बैठकर वह यूपीएससी/ पीएससी की किताबें खोलता। संघ/ राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षा उसकी आँखों में एक सपना थी. एक ऐसा सपना जो बैंक की सुरक्षित नौकरी से ऊपर उठकर समाज में कुछ ठोस करने का था। कभी-कभी सज्जो रात के मध्य में उठकर पानी पीने जाती तो देखती कि राजन अभी भी एक कोने में झुका कुछ लिख रहा है, माथे पर पसीने की बूंदें, आँखों में लालिमा वह चुपचाप पानी का गिलास रखकर वापस सो जाती। कभी हल्के स्वर में कहती, “थोड़ा आराम कर लो… शरीर भी तो शरीर है,आराम मांगता है।
“राजन मुस्कुराकर सिर हिला देता, पर किताब नहीं बंद करता और सलाह देता आप छोटे बच्चों के साथ सोते रहें,,जाग जाएंगे तो रतजगे हो जाएंगे।”
उधर सज्जो का संसार अलग था, पर उतना ही कठिन। अस्मि बेटी और गुरु बेटा दो छोटे-छोटे जीवन उसके हाथों में विकसित हो रहे थे। सुबह स्कूल भेजना, दोपहर में खाना गरम रखना, शाम को होमवर्क करवाना, रात को कहानियाँ सुनाना। बैंक कालोनी की सहेलियाँ जया,सुमित्रा, कमला, मीना,उसकी दुनिया का हिस्सा बन गई थीं। दोपहर बाद जब बच्चे स्कूल से लौटते, तो ये महिलाएँ छतों पर या आँगन में बैठकर चाय पीतीं, हँसतीं, एक-दूसरे के पति की शिकायतें / तारीफें सुनतीं। सज्जो उनमें सबसे कम बोलती थी, पर सबसे अधिक सुनती थी।
शाम होती है और ब्लैक एंड व्हाइट टेलीविजन चालू हो जाता। दूरदर्शन का साप्ताहिक फिल्म शो, चित्रहार, विक्रम-बेताल की कहानियाँ, फिर भारत एक खोज, बुनियाद, और उसके बाद रामायण और महाभारत का वह कालखंड जब पूरा मुहल्ला सड़कों पर शांत हो जाता था। अस्मि और गुरु फर्श पर बैठकर मासूम पलकें झपकाते हुए देखते। सज्जो भी उनके बीच बैठ जाती। कभी-कभी राजन भी किताबें बंद करके आ जाता। उस क्षण घर में एक अजीब-सी शांति छा जाती जैसे बाहर की दुनिया के सारे संघर्ष थोड़ी देर के लिए रुक गए हों।
इन दस वर्षों में कई छोटी-छोटी खुशियाँ भी आईं। अस्मि की पहली कक्षा की परीक्षा में अच्छे अंक, गुरु का पहला जन्मदिन कालोनी के बच्चों के बीच, सज्जो का कोई छोटा-मोटा घरेलू इंतजाम जो राजन को प्रसन्न कर देता। पर संघर्ष भी लगातार साथ चले। पैसे की तंगी, बच्चों की बीमारी, राजन की परीक्षाओं में बार-बार असफलता का बोझ। हर असफलता के बाद राजन चुप हो जाता। सज्जो समझती थी। वह कुछ नहीं कहती थी, बस रात को उसके सिर पर हाथ फेरती और सो जाती।
फिर अचानक वह दिन आया राजन की नानी पार्वती का देहान्त। पार्वती एक विधवा स्त्री, जिसने अपने पाँच बेटियों को अकेले पाल-पोसकर बड़ा किया था। पति की मृत्यु के बाद समाज और सौतेले बेटों ने जिस तरह उन्हें किनारे कर दिया था, उसने उसी किनारे पर खड़े होकर कभी अपने भाई के साथ सिमरिया गांव में और जीवन के अंत में अपना घर -संसार तिली में चलाया । तिली मोहल्ले में उसका नाम आदर के साथ लिया जाता था। कोई भी विवाह, कोई भी शोक, कोई भी त्योहार हीरा फुआ और उनकी मां पार्वती बिना बुलाए नहीं जाती थीं। उनकी उपस्थिति मात्र से घर में एक तरह की गरिमा आ जाती थी।
नानी की मृत्यु के बाद सब कार्यक्रम समाप्त होने पर राजन चुपचाप बैठा रहा। सज्जो ने देखा कि उसकी आँखें गीली हैं, पर आँसू नहीं गिर रहें हैं, वह बोला, धीमे स्वर में, जैसे खुद से बात कर रहा है “कालचक्र ने एक बार फिर अपना काम किया। कर्तव्य-परायण एक विधवा नानी ने पाँच बेटियों को पाल-पोसकर शादी दी। कोई सहारा नहीं था, दामाद गणेश के अलावा कोई पुरुष नहीं था, घर में फिर भी उसने हार नहीं मानी। आज जब वह चली गईं, तो लगता है जैसे कोई बड़ा वृक्ष गिर गया हो, छाया तो चली गई, पर जड़ें अभी भी मिट्टी में हैं।”
तिली मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। रिश्तेदार दूर-दूर से आए। पड़ोसी, पुराने जानने वाले, यहाँ तक कि वे लोग भी जो सालों से नहीं मिले थे सब आ गए। अंतिम यात्रा के समय मोहल्ला भरा हुआ था। लोग कतार में खड़े होकर पार्वती को अंतिम प्रणाम कर रहे थे। कई बुजुर्ग महिलाओं की आँखों से आँसू बह रहे थे। एक वृद्ध ने कहा, “माता जी ने हमें सिखाया था कि अकेले होकर भी कैसे से हिम्मत से जीना है।”
राजन ने अपनी नानी की तस्वीर छूकर प्रणाम किया। उस क्षण उसके मन में एक अजीब-सी शांति और एक गहरा बोझ दोनों एक साथ थे। शांति इसलिए कि पार्वती ने अपना कर्तव्य पूरा कर दिया था। बोझ इसलिए कि अब वह पीढ़ी चली गई थी जिसने बिना शिकायत के सब कुछ सहा था।
उस रात घर लौटकर राजन ने सज्जो से कहा, नानी जैसी माताएं अब कम मिलती हैं। उन्होंने सिखाया था कि जीवन संघर्ष है, पर हार मानना मना है। राजन ने परीक्षाओं में कई बार हार मानी, पर नानी की याद से फिर उठ खड़ा हुआ। अब भी…संघर्ष जारी है
सज्जो ने उसका हाथ पकड़ लिया, दोनों चुपचाप बैठे रहे। बाहर रात गहरी हो रही थी। अस्मि और गुरु सो चुके थे। घर में सिर्फ दीवार घड़ी की टिक-टिक सुनाई दे रही थी जैसे समय स्वयं याद दिला रहा हो कि दस वर्ष बीत चुके हैं, और अभी बहुत कुछ बाकी है। दस वर्ष समाप्त हो गए थे। पर उनके भीतर जो कर्म के बीज बोए गए थे संघर्ष के, धैर्य के साथ फल, स्वरूप अंकुरित होने वाले थे।
(शेष भाग कल)






