सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
क्रौंच पर्वत पर देव दीपावली के रूप में मनाया गया वैकुंठ चतुर्दशी पर्व।
भगवान कार्तिकेय की तपस्थली में उमड़ा आस्था का सैलाब, रात्रि में चारों पहर चार आरतियों के साथ होगा अखण्ड जागरण, कैलाश से पुत्र से मिलने आते हैं शिव-पार्वती।
ऊखीमठ: देव सेनापति भगवान कुमार कार्तिकेय की तपस्थली क्रौंच पर्वत पर वैकुंठ चतुर्दशी का पावन पर्व देव दीपावली के रूप में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान कार्तिकेय के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। पर्व की विशेष धार्मिक परंपरा के तहत रात्रि में चारों पहर चार विशेष आरतियां उतारकर देवी-देवताओं का आवाहन किया जाएगा तथा अखण्ड जागरण का आयोजन होगा।
क्रौंच पर्वत में वैकुंठ चतुर्दशी पर्व का विशेष धार्मिक एवं पौराणिक महत्व है। मान्यता है कि देव सेनापति कुमार कार्तिकेय ने इसी पर्वत पर तपस्या की थी, जिसके कारण यह स्थल उनकी तपस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। वैकुंठ चतुर्दशी की पावन तिथि पर कैलाश पर्वत से भगवान शिव और माता पार्वती अपने पुत्र कुमार कार्तिकेय से मिलने कुमार लोक पहुंचते हैं। इसी पौराणिक मान्यता के चलते इस पर्व को यहां विशेष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
पर्व पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के क्रौंच पर्वत पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भक्तों ने भगवान कार्तिकेय के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर देव दीपावली की परंपरा निभाई गई। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ से संपूर्ण क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
वैकुंठ चतुर्दशी की रात्रि इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी। धार्मिक परंपरा के अनुसार रात्रि के चारों पहरों में चार विशेष आरतियां आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक पहर में आरती के माध्यम से देवी-देवताओं का आवाहन किया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर में पूरी रात अखण्ड जागरण होगा, जिसमें श्रद्धालु भजन-कीर्तन और देव स्तुति के माध्यम से भगवान कार्तिकेय की आराधना करेंगे।
कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि क्रौंच पर्वत की यह परंपरा क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक विरासत, लोक आस्था और पौराणिक मान्यताओं का प्रतीक है। वैकुंठ चतुर्दशी पर यहां उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ न केवल भगवान कार्तिकेय के प्रति अगाध आस्था को दर्शाती है, बल्कि इस पौराणिक तपस्थली की धार्मिक पहचान को भी नई ऊर्जा प्रदान करती है।






