राजेन्द्र सिंह जादौन (समूह संपादक) मध्यप्रदेश
(नया अध्याय, मध्य प्रदेश) (w) 6395080071
जी हाँ, मैं वही हूँ… एक अल्हड़ आदमी!
जिसकी न ज़ुबान पर लगाम लगाई जा सकती है और न ही उसकी कला पर पहरे बिठाए जा सकते हैं। क्योंकि मैंने जिंदगी को सिर्फ देखा नहीं, उसे जिया है और अपने शब्दों में उतारा है।
जब एक-एक आखर को पिरोया, तो शब्द बने और जब शब्दों को एक-दूसरे से जोड़ा, तो खबर बनी। फिर धीरे-धीरे पत्रकारिता मेरे पेशे से निकलकर मेरे चरित्र में उतर गई। मैं शब्दों के साथ जीने लगा, सच के साथ खड़ा होने लगा और पत्रकारिता को केवल लिखने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन जीने का अपना सिद्धांत बना लिया।
अब तक की जिंदगी में पत्रकारिता को जितना जिया है, उतना ही अपने भीतर उतार भी लिया है। शायद इसीलिए मेरी कलम किसी की मेहरबानी की मोहताज नहीं और मेरी जुबान किसी सत्ता की गुलाम नहीं।
मेरी पुस्तक ‘एक फितूर’ और दूसरी पुस्तक ‘आरम्भ’ में मैंने पत्रकारिता के इसी जुनून, संघर्ष, संवेदनाओं और विचारों को कविताओं में पिरोया है। ये महज किताबें नहीं, मेरे भीतर चलती उस बेचैनी के दस्तावेज हैं, जो मुझे सवाल पूछने, लिखने और सच के साथ खड़े रहने के लिए मजबूर करती है।
मैं कोई आदर्श पुरुष होने का दावा नहीं करता। गलतियां भी की होंगी, ठोकरें भी खाई होंगी, लेकिन अपनी कलम का सौदा कभी नहीं किया। क्योंकि साहब, मैं थोड़ा अल्हड़ हूं, थोड़ा फक्कड़ हूं और थोड़ा जिद्दी भी।
मुझे शब्दों से मोहब्बत है, पत्रकारिता से इश्क है और सच से कोई समझौता नहीं।
मैं रहूं या न रहूं, यह पत्रकारिता जिंदा रहनी चाहिए।






