ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
क्वारब में रात में यातायात आवाजाही पर 18 नवंबर तक रोक।
अल्मोड़ाः अल्मोड़ा-हल्द्वानी नेशनल हाईवे पर पहाड़ी के लगातार दरकने के कारण यहां यातायात व्यवस्था में बार बार बाधा आ रही है। चौबीसों घंटे खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने रात्रि में यातायात के लिए 18 नवंबर तक के लिए रोक लगा दी है। इससे पहले भी कई बार रात में यातायात व्यवस्था को बंद करना पड़ा था।
रात आठ बजे से सुबह छः बजे तक इस सड़क पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंध रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि यहां पर लगातार ऊपर से मलवा आ रहा है और नीचे से रोड भी धंसने लगी है। एक से डेढ़ फुट तक रोड़ हर रोज धंस रही है।
जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे के निर्देश पर रात्रि में यातायात व्यवस्था पर रोक की अवधि बढाई गई है।इसका उलंघन करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









