डॉ. हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
छठ-पूजा एवं सूर्य-अर्घ्य।
छठ-पूजा फलदायिनी, सुखी रखे परिवार।
अस्ताचल-रवि अर्घ्य दे, ज्ञापित हो आभार।।
छठ माता का व्रत कठिन, पर फल दे भरपूर।
उदित सूर्य के अर्घ्य से, पुत्र-शोक हो दूर।।
गंगा भारत-आतमा, औषधि इसका नीर।
पाप-नाशिनी जान्ह्वी, हरे कष्ट गंभीर ।।
शंकर-शिख शोभा यही, महिमा अपरंपार।
पुण्यदायिनी गंग को, करें नमन शत बार।।
सूर्य नहीं तो जग नहीं, सूर्य-रश्मि जग-प्राण।
रवि नित किरण पसार कर, करे जगत-कल्याण।
रवि-आभा से ही मिले, अन्न-फूल-फल-नीर।
ऋतु-परिवर्तन भी करें, सूर्य देव बलवीर।।
सरिता सागर से मिले, हर्षित-पुलकित गात।
पथरीले पथ बह चले, कोटिक सह आघात।
जीवन को उत्सव समझ, हिय में भरे हुलास।
सकारात्मक सोच से, मिलता पूर्ण उजास।।









