ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
आवारा कुत्तों के बार बार लोगों पर हो रहे हमलों से काफी परेशान हैं लोग।
अल्मोड़ा नगर में आवारा कुत्तों का आतंक दिन पर दिन बढता जा रहा है। यहां जिला अस्पताल में पिछले चार माह में कुत्तों द्वारा काटे जाने के लगभग 400से भी ज्यादा मामले आ चुके हैं।इन कटखने आवारा कुत्तों की डर से लोगों का घर से अकेले निकलना मुश्किल हो रहा है।जिसकी शिकायत लोग कई बार जिला प्रशासन व नगर पालिका अल्मोड़ा से कर चुके हैं लेकिन स्थिति ज्यों की त्यों बनी हुई है।
नगर के हर गली मोहल्ले में आवारा कुत्तों बहुत बड़ी संख्या है जो लोगों के लिए हर समय खतरा बने हुए हैं।
नगर के कई क्षेत्रों में-राजपुरा, बाड़ी बगीचा, धारानौला, ढुंगाधारा, पांडेखोला, सरकार की आली, ऑफिसर कालोनी के अलावा भी कई जगहों पर भी इन कुत्तों का खौफ बना हुआ है। सरकार की आली निवासी महेश सिंह ने बताया कि इन हमलावर कुत्तों के डर से लोगों का घर से अकेले निकलना मुश्किल हो रहा है।
नगर पालिका अल्मोड़ा के ईओ, भरत त्रिपाठी ने बताया कि समय-समय पर आवारा कुत्तों का बधियाकरण अभियान चलाया जाता रहा है और ये अभियान आगे भी जारी रहेगा।
जिला अस्पताल अल्मोड़ा के पीएमएस, डॉ पीके सिन्हा ने कहा कि कुत्ते के काटने के केस हर रोज औसतन चार या पांच लोग आते हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में एंटी रेबीज के इंजेक्शन प्रर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।









