प्रभारी सम्पादकः राजेन्द्र सिंह जादौन, (म. प्र)।
व्यंग आज की व्यवस्था पर है ।
अलग-अलग किस्म के कुत्ते, इंसानी नस्ल का डीएनए टेस्ट!
कुत्तों की भी कई किस्म होती हैं। कुछ चार पैरों वाले, तो कुछ दो पैरों वाले। फर्क बस इतना है कि चार पैरों वाले दुम हिलाते हैं और दो पैरों वाले स्टेटस अपडेट डालते हैं “हम बहुत वफादार हैं!” लेकिन वफादारी का ये खेल भी बड़ा अजीब है। असली कुत्ता तो वफादार निकल जाता है, पर इंसानी कुत्ता… वाह रे भाई! इस पर तो पूरी संसदीय कमेटी बैठानी पड़े।
तो आइए मिलते हैं इन शानदार प्रजातियों से जो समाज, दफ्तर और राजनीति में अपने पंजे गाड़े बैठी हैं।
घूरने वाला कुत्ता
ये कुत्ता कुछ नहीं बोलेगा। न भौंकेगा, न दौड़ेगा। बस आपको ऐसे घूरेगा जैसे सीबीआई की जांच आपके कपड़ों के अंदर तक कर रही हो। आपने ध्यान दिया होगा दफ्तर में एक साहब होते हैं। काम किसी ने किया, क्रेडिट किसी और का, लेकिन घूरने का पूरा ठेका इनके पास।
डायलॉग टाइम “भाई, तू क्यों घूर रहा है?”
“तू मुस्कुरा क्यों रहा है? कुछ गड़बड़ है क्या?”
“सर, शादी में भी ऐसा ही देखता है क्या दूल्हे को?”
ये लोग इतने खतरनाक होते हैं कि आपकी हड्डियां तक स्कैन कर लेते हैं। और सबसे बड़ी बात ये कभी सीधे कुछ कहते नहीं, बस नज़रों से नोचते हैं।
राजनीति में भी ऐसे घूरने वाले कुत्ते मिलते हैं। टीवी डिबेट में बैठे नेता जी दूसरे नेता को ऐसे घूरते हैं जैसे कह रहे हों “तेरी कुर्सी मेरी है… बस टाइम का खेल है।”
भौंकने वाला कुत्ता
ये है माइक वाला ब्रांड। काम कुछ नहीं, आवाज फुल वॉल्यूम।
सोशल मीडिया पर ये प्रजाति सबसे ज्यादा पाई जाती है। सुबह उठते ही पोस्ट डालेंगे देश खतरे में है!”अरे भाई, तेरे पड़ोस का नाला साफ करवा दे, देश बच जाएगा।
ऑफिस वर्जन: “यार, ये मीटिंग में इतना क्यों बोलता है?” “काम आता है?”“नहीं, बस साउंड इफेक्ट्स देता है।”
भौंकने वाले कुत्ते नुकसान नहीं पहुंचाते, लेकिन कान के पर्दे जरूर फाड़ देते हैं। और इनकी खासियत भौंकते हुए आपको ऐसा लगेगा जैसे ये आपको नोच डालेंगे, लेकिन आखिरी में – धोबी का कुत्ता… न घर का, न घाट का.
पीछा करने वाला कुत्ता
ये सबसे खतरनाक किस्मों में से एक है। ये भौंकते नहीं, काटते नहीं… लेकिन चुपचाप पीछा करते हैं। आप समझ रहे होंगे मैं किसकी बात कर रहा हूँ हाँ भाई, वही जो आपकी हर फोटो लाइक करता है, स्टेटस चेक करता है, और जब आप मुड़कर देखते हो तो कहता है “अरे यार, संयोग से यहीं से गुजर रहा था।” संयोग? भाई, तू पिछले 6 किलोमीटर से मेरे पीछे है!
राजनीति में ये पप्पू किस्म होती है। बड़े नेताओं के पीछे-पीछे घूमते रहते हैं। नेता जी छींक दें तो ये भी पॉजिटिव टेस्ट करवा आते हैं “हम भी छींके हैं, मतलब हमारी भी इम्युनिटी स्ट्रॉन्ग है।”
भौंकने + नोचने वाला कुत्ता
ये असली विलेन है। पहले आपको डरा-डरा कर भौंकेगा, फिर मौके पर नोच भी डालेगा।
कंपनी में ऐसे लोग एचआर के नाम से मशहूर हैं। पहले कहेंगे “हम तो फैमिली हैं… कोई टेंशन नहीं।” और फिर परफॉर्मेंस रिव्यू में ऐसे नोचेंगे कि आप सोचेंगे क्यों न संन्यास ले लूं!
राजनीति में ये वही लोग होते हैं जो मंच पर भाषण में कहते हैं “हम विपक्ष की बातों का सम्मान करते हैं।” और फिर ट्विटर पर लिखते हैं “ये लोग देशद्रोही हैं।”
शिकारी कुत्ता
ये सबसे डेंजरस किस्म है। ये न भौंकता है, न पीछा करता है… ये चुप रहता है। बस मौका देखता है और फिर एक ही बार में आपको नोच डालता है।
ऑफिस में ये वही होता है जो आपकी प्रेजेंटेशन की तारीफ करता है और अगले दिन बॉस के सामने वही आइडिया अपना बता देता है।
डायलॉग: “यार, तुम्हारा आइडिया कमाल का है।”
अगले दिन “सर, ये स्ट्रैटेजी मैंने सोची थी।”
आप मन ही मन “भौंकता तो पहचान लेता, चुप रहकर काट गया।”
राजनीति में ये किस्म सत्ता के आसपास मंडराती है। कुर्सी पर किसी और की फोटो होती है, लेकिन बैकग्राउंड में इसी का डीएनए चल रहा होता है।
और अब मिलिए – राजनीतिक कुत्तों की खास नस्ल से!
ये कुत्ते कभी अकेले नहीं आते। ये हमेशा झुंड में अटैक करते हैं धरना, प्रदर्शन, ज्ञापन… ये इनका योगासन है।
एक बार एक नेता जी से पूछा गया “सर, आप इतने लोग लेकर क्यों आए?”
उन्होंने कहा “अकेले आते तो पुलिस पकड़ लेती, झुंड में आए तो रैली कहलाती!”
इनकी खासियत है
“अगर एक भौंकेगा तो दस और भौंकेंगे, फिर एक चैनल आएगा, और फिर सबकी टीआरपी बढ़ जाएगी।”
सबसे खतरनाक कौन?
भाई, पांचों खतरनाक हैं, लेकिन घूरने वाला कुत्ता सबसे डेंजर है।
क्योंकि जो आपको आंखों से नोच ले, उसका कोई इलाज नहीं।
वो भौंकता नहीं, वो चुप रहता है, लेकिन उसकी नजरें…
“भाई, ऐसे मत देख… डर लग रहा है।”
इंसानी कुत्तों से बचना है तो एक ही तरीका है “या तो खुद कुत्ता बन जाओ, या फिर अपनी हड्डियों को स्टील की कर लो।”







