ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
द्वाराहाट के प्रभारी थानाध्यक्ष हुए निलंबित।
आरोपियों की गिरफ्तारी न कर पाना और लापरवाही बरतना पड़ा भारी,एसएसपी ने की कार्रवाई ।
अल्मोड़ा-जिले के द्वाराहाट में चौखुटिया रोड पर मीट की दुकान में कुछ लोगों द्वारा दुकान स्वामी के साथ मारपीट कर उत्पात मचाने और पुलिस कर्मी के साथ अभद्रता कर मारपीट करने तथा वर्दी फाड़ने के मामले में उचित कार्रवाई न करना द्वाराहाट के प्रभारी थानाध्यक्ष को भारी पड़ गया।
एसएसपी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
सोमवार को चौखुटिया रोड पर एक मीट की दुकान में कुछ लोगों ने मुफ्त में मीट न देने पर,मीट विक्रेता पर धारदार हथियार से हमला कर उसे लहुलुहान कर दिया।इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
आरोप है कि अराजक तत्वों ने पुलिस के जवान के साथ भी मारपीट की और उनकी वर्दी फाड़ दी।बाद में पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। लेकिन प्रभारी थानाध्यक्ष द्वारा उक्त मामले में कोई कार्यवाही न करने पर,एसएसपी देवेन्द्र पींचा ने प्रभारी थानाध्यक्ष धरम सिंह की भूमिका को लापरवाही पूर्ण माना।
उन्होंने ने कहा कि पीड़ित मांस विक्रेता और पुलिस के जवान की तहरीर के बाद भी पुलिस मुकदमा समय से दर्ज नहीं किया।
एसएसपी ने बताया कि थानाध्यक्ष ने न तो समय रहते प्रभावी कार्रवाई की और न ही उच्च अधिकारियों को इस मामले की कोई सूचना दी, जिस कारण उन्हें निलंबित कर दिया गया है।









