ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
गांसू में फंसे लोगों को वैकल्पिक रास्ते से निकला गया बाहर।
बागेश्वर- कपकोट-कर्मी मार्ग पर गांसू के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में बोल्डर, पत्थर की घटना के बाद पुलिस बैरियर बना दिया गया है।
पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने पत्थर गिरने के कारण सड़क के दोनों ओर फंसे करीब 80लोगों को पहाड़ी से वैकल्पिक रास्ता बनाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। वहीं डीएम आशीष भटगांई ने 10सितंबर तक इस सड़क पर यातायात, आवाजाही को पूर्ण बंद करने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को गांसू के पास अचानक पहाड़ी से बोल्डर गिरने के बाद कपकोट-कर्मी सड़क पर आवागमन बाधित हो गया था जिससे सड़क के दोनों ओर यात्री फंस गए थे।
सूचना मिलने के बाद संयुक्त रेस्क्यू टीम ने रात तक लोगों को जंगल से रास्ता बनाकर सुरक्षित आर-पार उनके गंतव्य तक पहुंचाने में मदद की। इधर थानाध्यक्ष कैलाश सिंह बिष्ट ने बताया कि मौके पर पुलिस बैरियर लगाकर दो कर्मचारियों को तैनात कर दिया है।
बागेश्वर के जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने बताया कि कपकोट-कर्मी भारी मात्रा में बोल्डर गिरे हैं।अब भी लगातार गिरने का सिलसिला जारी है। सड़क को फिलहाल जेसीबी की मदद से खोलना संभव नहीं है।अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए सड़क पर आवागमन को 10सितंबर तक के लिए बंद कर दिया गया है। इस दौरान वाहन चौड़ास्थल,मुनार होते हुए आवाजाही करेंगे, जबकि पैदल राहगीर परमटी, दुलम, फुलवाड़ी वाले मार्गों से आवाजाही करेंगे।









