हरी राम यादव, सूबेदार मेजर (आनरेरी)
जाट रेजीमेंट के कमान अधिकारी की सराहनीय पहल
18 जाट रेजीमेंट के वर्तमान कमान अधिकारी ने अपनी यूनिट के वीरगति प्राप्त सैनिकों के परिजनों का ध्यान और वीरगति प्राप्त सैनिकों का सम्मान करते हुए एक अनोखी पहल शुरू की है। उन्होंने यह निर्णय लिया है कि यूनिट में कमीशन होने से पहले उनकी यूनिट के अधिकारी यूनिट के हर वीरगति प्राप्त सैनिक के घर जाएंगे और उनका हालचाल जानेंगे। कल इसी कड़ी में जनपद मथुरा के वीरगति प्राप्त सैनिक सिपाही बबलू सिंह, सेना मेडल (मरणोपरांत) के गांव झंडीपुर ,18 जाट में कमीशन होने वाले अधिकारी लेफ्टिनेंट आकाश यादव गये और परिजनों से मिलकर संवाद किया । वह सिपाही बबलू सिंह के स्मारक पर भी गये और अपने वीर योद्धा को नमन किया।
इस तरह की पहल भारतीय सेना की अन्य यूनिटों के लिए एक मिसाल है। इस तरह की पहल से यूनिट में आने वाले नए अधिकारी अपनी यूनिट की वीरता और बलिदान से परिचित होते हैं साथ ही साथ वीरगति प्राप्त सैनिकों के परिजनों के जीवन में आने वाली समस्याओं के बारे में जान पाते हैं। आगे चलकर यही बातें एक संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण वाला अधिकारी बनने में सहायक सिद्ध होती हैं।
आपको बताते चलें कि सिपाही बबलू सिंह 30 जुलाई 2016 को एक आतंकवादी विरोधी अभियान में आतंकवादियों से मुकाबला करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। इनके छोटे भाई एडवोकेट चौधरी सतीश सिंह ने अपने भाई के सम्मान के लिए एक लंबी लड़ाई लड़ी और अपने भाई के स्मारक पर वार ट्राफी (टैंक) को स्थापित करवाया। यह उत्तर प्रदेश का पहला ऐसा स्मारक है जहां पर व्यक्तिगत रूप से किसी के स्मारक पर वार ट्राफी के रुप में टैंक प्रदर्शित किया गया हो।







