डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
माँ (दोहे)
माता का वंदन करें, पूजें चरण पखार।
पालन-पोषण माँ करे, देकर ममता-प्यार।।
स्वयं कष्ट सह-सह करे, निज सुत का उत्थान।
बेटा-बेटी उभय का, रखे बराबर ध्यान ।।
जीव-जंतु के जन्म का, केवल माँ आधार।
इसी लिए इस सृष्टि पर, माँ का है उपकार।।
माँ की कोख कमाल की, अद्भुत प्रभु की देन।
राम-कृष्ण को जन्म दे, रावण-कंस-सुसेन।।
मूर्ति यही है त्याग की, रखे न निज सुख-ध्यान।
हे जननी तुम धन्य हो, तेरा हो यश-गान ।।
माँ के ही व्यवहार से, बनता सकल चरित्र।
नहीं हृदय यदि स्वच्छ है, हों संतान विचित्र।।
माँ चाहे जैसी रहे, माँ है ईश्वर-रूप ।
पूजनीय है माँ सदा, इसका रूप अनूप।।
गौरी-लक्ष्मी-शारदा, सा मन मातु उदार।
करुणा हृदयी मातु में, प्रतिभा भरी अपार।।
बनकर कुल की रक्षिका, अरि से करे बचाव।
कुल-मर्यादा हेतु माँ, सह लेती हर घाव।।
देती हर-पल सीख ही, डाँट और मुस्कान।
अद्भुत माँ का रूप है, माँ है कुल की शान।।







