पी.यादव ‘ओज’
झारसुगुड़ा, ओडिशा।
आजादी कुर्बानी मांगती है।
आजादी मुल्क-ए-जिंदगी से, जोश का जुनून मांगती है।
हौसलों की बेखौफ उड़ान,
फतह की सौगंध मांगती है।
आजादी कुर्बानी मांगती है।
आजादी वीरों का बसंत,
रणबांकुरों का शीश मांगती है।
धरती को दुल्हन बनाने के वास्ते,
खून से लथपथ सिंदूर मांगती है।
आजादी कुर्बानी मांगती है।
यूं ही कोरे कागजों पर,
जज्बातों की आंधियों से, आजादी नहीं मिलती है,यारों!
आजादी जिस्म-ए-जान मांगती है,
खून-ए-शबाब मांगती है।
रूह-ए-तमाम मांगती है। आजादी सपनों की कुर्बानी,
अंगारों से इश्क मांगती है।
वतन से बेइंतहा मोहब्बत,
जिंदगी से कफ़न मांगती है।
आजादी कुर्बानी मांगती है।
आजादी दुल्हन का सुहाग,
प्रेमी का प्यार मांगती है।
दीवानों की महफिल से,
शहीद-ए-शाम मांगती है। आजादी गुलशन से मुस्कान,
गुलों से गुलफाम मांगती है।
आजादी यौवन का खुमार,
मोहब्बत-ए-कुर्बान मांगती है।
यूं ही ख्वाबों की नाव से,
चंद लफ़्ज़ों की पतवार से,
आजादी नहीं मिलती है,यारों!
आजादी कुर्बानी मांगती है।
आज़ादी हूंकार मांगती है,
आज़ादी ललकार मांगती है,
आजादी कांटो का मिलन,
छालों का श्रृंगार मांगती है। आजादी कुर्बानी मांगती है,
खून के कतरे-कतरे की,
बेइंतहा कहानी मांगती है।
वतन पर मर मिटने की,
जिंदा जिंदगानी मांगती है।
आजादी कुर्बानी मांगती है।






