प्रो. डॉ.मंजू वर्मा, रिटायर्ड प्रोफेसर पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़
तुम लौट आओ!
तुम लौट आओ
प्रियवर,तुम लौट आओ!
बहुत हुआ रूठना-मनाना,
छिपना-छिपाना
तुम लौट आओ
प्रियवर,तुम लौट आओ!
इतिहास विभाग के गलियारे,
वो नुक्कड़ पर चाय का ढाबा
सब साक्ष्य हैं हमारे प्रेम के
तुम्हें ढूंढ़ रहे हैं,
तुम्हारा पता पूछ रहे हैं
तुम लौट आओ
प्रियवर,तुम लौट आओ!
पुस्तकालय में,
लोगों की पैनी नजर से ओझल
पुस्तकों में मुंह छिपाकर
गुटर-गूं करना
सब तुम्हें ढूंढ़ रहे हैं,
तुम्हारा पता पूछ रहे हैं
तुम लौट आओ
प्रियवर,तुम लौट आओ!
तुम्हारी हंसी की चहक,
इत्र की महक से
सराबोर फिजाएं
चिर परिचित सी सुवासित
तुम्हें ढूंढ़ रही है,
तुम्हारा पता पूछ रही है
तुम लौट आओ
प्रियवर,तुम लौट आओ!
वो तुम्हारे प्रिय धाम
नादान अठखेलियां….
सुरों का अंदाज़
वादियों में गूंजती आवाज़
तुम्हें ढूंढ़ रही है,
तुम्हारा पता पूछ रही है
तुम लौट आओ
प्रियवर,तुम लौट आओ!
चिलचिलाती धूप में
शिखर दोपहर
झील किनारे
तुम्हारा सुखद स्पर्श
तुम्हें ढूंढ़ रहे हैं,
तुम्हारा पता पूछ रहे हैं
तुम लौट आओ प्रियवर
तुम लौट आओ!
उदास तो तुम भी हो
देखा है मैंने
उदास-नीरस
बाहें पसार बुला रहे हो
क्षितिज के उस पार
नहीं आ पाऊंगी
प्रियवर
वचनबद्ध हूं कर्तव्य बोध से
तुम लौट आओ
प्रियवर,तुम लौट आओ….!!!






