डॉ. हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
दोहे (पितृपक्ष)
पितृपक्ष में पितर सब, होते देव समान।
उनका आदर हम करें, दे जल-तर्पण दान।।
पुरखों के सम्मान में, अपना है सम्मान।
पूजनीय हैं ये सभी, ये ही कुल की शान।।
तर्पण पाकर पितर जन, करते कुल-कल्याण।
उनके ही आशीष से, रहे सुरक्षित प्राण।।
श्राद्ध-कर्म जो कुल करे, शुचिता से संपन्न।
सद्गति पुरखों को मिले, सब जन रहें प्रसन्न।।
पितरों की पूजा सदा, वृद्धों का सम्मान।
जिस कुल की यह रीति है, वही शांति की खान।।






