साहित्यकार डॉ. रामबली मिश्र, वाराणसी।
रक्षा बंधन (वीर रस)
भाई-बहन प्रेम का रिश्ता,रक्षा बंधन प्रिय त्योहार।
यह अटूट बंधन अति पावन, अतिशय स्नेहिल भावोद्गार।
सत्व प्रेम का यह प्रतीक है, इसमें कहीं नहीं संदेह।
आत्म -भावमय यह शिव बंधन, भाई-भगिनी उभय विदेह।
आदि काल से यह प्रचलित है, भगिनी का यह उत्तम पर्व।
भाई को वह सहज समझती, अपने जीवन का शुभ सर्व।
रेशम का धागा अति मोहक, करे हस्त पर प्रति क्षण राज।
भगिनी का यह स्नेह महोत्सव, अति अनुपम मधुरिम अंदाज।
गीत
तुम प्रेम समन्दर उर्मिल हो, गागर में स्नेहिल सागर हो।
तुम सहज स्नेह की रत्नावलि, अमृत घट का प्रिय नागर हो।
तुम हृदय हमेशा रहते हो, प्रिय मित्र बने विचरण करते।
तृप्त किया करते हो प्रियवर, मधु सावन बने चरण रखते।
तुम रस प्रधान मोहक रसिया, अति अनुपम मधुरिम नायक हो।
है नाम तुम्हारा “अमर प्यार”,
प्रिय रंग स्वर्ण सुखदायक हो।
तुम शोभा बनकर रहते हो, निर्मल बादल की छाया हो।
तुम प्रेम सिन्धु की लहरों में, चमकीली हीरक काया हो।
तुम मोती पन्ना रत्नाकर, मधु राग-रागिनी अमृत हो।
है हृदय तुम्हारा शुभ्र स्वच्छ, नित भव्य मनोहर शुभ कृत हो।
तुम खिले खिले अविरल प्रज्वल, देदीप्यमान अति मादक हो।
मुखड़े पर तेरे चंद्रप्रभा, मोदक मोहन हिय पालक हो।
सुंदरता (दोहे)
सुन्दरता को देखकर, रहना सदा प्रसन्न।
यह अनुपम अनमोल है, कुदरत के आसन्न।
छेड़छाड़ करना नहीं, विकृत करो न मित्र।
यह सुगंध अति मधुर प्रिय, गमके जैसे इत्र।।
सुन्दरता को कुचल कर, मत बनना हैवान।
दानवता को त्याग कर, बन पावन विद्वान।।
सुन्दरता सत-शिव सदा, ईश्वर करें निवास।
संरक्षण करते रहो, हो दैवी अहसास।।
जिसने सुन्दर वस्तु का, सदा किया सम्मान।
वही मनुज इस लोक में, बना सत्य इंसान।।
सुन्दरता को चीर कर, कौन हुआ खुशहाल?
किसने देखा धर्म पथ, किसकी शुभ गति-चाल।।








