डॉ० रामबली मिश्र वाराणसी।
शरद पूर्णिमा में अमृत है
यह है हिंदू पर्व महत्तम।
पावन अमृत कुंड प्रेम सम।।
सोलह कला पूर्ण चंदा हैं।
अमी पिलाती आनंदा हैं।।
किरणों में अमृत की धारा।
इसमें शिव का तत्व शुमारा।।
स्वास्थवर्धिनी चंद्र रोशनी।
सुख सम्पदा अकूत दायिनी।।
लक्ष्मी जी का पूजन होता।
खीर बनाकर वंदन होता।।
अति पावन यह पर्व मनोरम।
कृष्ण रास हेतु सर्वोत्तम।।
प्रिय मनभावन शरद पूर्णिमा।
सदा लुभावन इसकी महिमा।।
इस दिन सुंदर स्वर्ग उतरता।
सबक मन- उर हर्षित करता।।
डॉक्टर रामबली मिश्र
जिज्ञासा
जिज्ञासा सबसे प्रबल, यही ज्ञान का स्रोत।
सहज लगाती पार है, बनकर उत्तम पोत।।
जिज्ञासा से मनुज का, होता है उत्थान।
जिसमें जिज्ञासा नहीं, मिलता उसे न ज्ञान।।
वैज्ञानिक बनता वही, जो जिज्ञासु सुजान।
जिज्ञासा की शक्ति से, जन- मन हो विद्वान।।
आगे- आगे जब बढ़े, जिज्ञासा की भूख।
समझो ज्ञान निकट खड़ा, कभी न जाता सूख।।
उत्तर पाने के लिये, जिज्ञासा बेताब।
प्यासी बुद्धि अडिग रहे, पीने को मधु आब।।
जिज्ञासा है प्रश्न की, माला लिये अबाध।
जिज्ञासू को चाहिए, अमी जवाब अगाध।।
जिज्ञासा ही सभ्यता, की है अमिट निशान।
खोजी बनकर खोजती, यह अपनी पहचान।।
जिज्ञासा जिसमें नहीं, नहीं प्रगति का भाव।
जानो वह अति मूर्ख है, छोड़े गलत प्रभाव।।







