हरी राम यादव, अयोध्या (उ. प्र.)
मतदान तुम्हारा अनमोल मतदाता
इस बार अगर चूके मतदाता,
तो चुक जाएगा सब घर बार।
पांच सेर के फेर में न पड़ना,
नहीं तो बचेगी न घर की दीवार।
आ आकर जो उड़न खटोलों पर,
बातों से चला रहे विकास बयार।
अब से पहले कभी उन्हें है देखा,
क्या सुनी तुम्हारी कभी दर्द पुकार।
दिवास्वप्न बहुत दिखायेंगे तुमको,
धन, बल से खूब करेंगे मनुहार।
पद पैसे का खूब देंगे लालच,
और देंगें मीठी रेवड़ी उपहार ।
सोच समझ कर देख भविष्य को,
अपने मत को देना तुम आकार।
झांसेरामों के झांसे में मत आना,
मत करना इनकी बातों पर एतबार।
बढ़ चढ़ कर खूब करेगें वादे,
बारी आने पर देंगे पलटी मार।
कब वादों को यह जुमला कह देंगे,
इस पर भी करना जरूरी विचार।
ऐसे को तो हरगिज न देना वोट,
जिसका शुद्ध नहीं बोली व्यवहार।
उनसे रहना तुम दूर हमेशा,
कर रहे जो नफरत का व्यापार।
जो बात करें पढ़ने लिखने की,
और दें रोजी रोटी को आकार।
ऐसे लोगों को तुम देना वोट,
जो तुमको न समझें धरती पर भार।
गांव गिरांव की जो करे तरक्की,
उनको नैया कर देना तुम पार ।
मतदान तुम्हारा अनमोल मतदाता,
मत करना उसको तुम बेकार।।






