सुश्री सरोज कंसारी
नारी शक्ति, अस्मिता की सशक्त स्वर
कवयित्री, लेखिका नवापारा-राजिम
(नया अध्याय, देहरादून)
सयंम व शांति से किए गए कार्यों में संपूर्ण सृष्टि का सहयोग निहित होता है।” — सुश्री सरोज कंसारी
—————————————
वर्तमान की पूर्णता में ही शांति, सुख का वास है। यही जीवन का वास्तविक सार है। “स्वस्थ जीवन, सुखी जीवन”। जीवन का असली सुख पाने के लिए शरीर का तंदुरुस्त व मन का खुश रहना अति आवश्यक है। जब हम अंदर से प्रसन्न होते हैं, तभी हमें जीवन की असली कीमत समझ आती है। एक उदास या परेशान मन से हम किसी भी काम पर ध्यान नहीं लगा सकते और न ही बड़ी सफलता पाते हैं। आज के दौर में सबसे जरूरी है कि हम शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बने। सेहत के मामले में लापरवाही हमें बहुत भारी पड़ सकती है। दुनिया हमेशा उसी व्यक्ति का सम्मान करती है जो मेहनती, निडर और बुद्धिमान हो—और ये सारी खूबियां तभी आती हैं जब हमारा शरीर स्वस्थ और दिमाग शांत हो। तन और मन को स्वस्थ रखने के लिए खुलकर हंसिए, श्रम किजिए, और जिम्मेदारी निभाइए। अपने लिए समय निकालिए, लोगों से मिलिए, और उनकी पीड़ा जानिए। रिश्तों में गहराई और प्रेम रखें, और कभी किसी को दुखी मत कीजिए। बुरे कर्मों से बचिए, आत्म कल्याण के लिए प्रयास करते रहिए, और जीवन की चुनौतियों में दृढ़ रहिए। अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत किजिए, और दूसरों के साथ सहयोग किजिए। जीवन को सकारात्मक दृष्टिकोण से देखिए, और हर दिन को एक नए अवसर के रूप में लाइए। आज हम मिलकर एक संकल्प लें कि हम स्वयं को कभी भी दया का पात्र, असहाय या रोगी नहीं मानेंगे। यह हमारा स्वयं से वादा हो कि हम हर परिस्थिति में स्वस्थ, जीवंत व सकारात्मकता से सराबोर रहेंगे। जब कभी निराशा का घना कोहरा हमारे मन को भ्रमित करने की कोशिश करे और आशा की लौ मद्धम पड़ने लगे, तब हमारी ‘सक्रियता’ और हमारा ‘आत्मविश्वास’ ही मशाल बनकर हमें रास्ता दिखाएगा। हमें अपने कर्म-मार्ग पर अडिग होकर बढ़ना है। जो बीत गया, वह बीता हुआ कल था, उसकी राख में उलझकर हम अपनी आज की ऊर्जा व्यर्थ नहीं करेंगे। पुरानी कड़वाहटों, ज़ख्मों को सहेजने के बजाय, आइए उन्हें सादर विदा करें और हर सुबह एक नई, सुंदर शुरुआत का स्वागत करें। यह ज़िन्दगी कर्म की एक अनोखी रचना है। यहाँ न सुख का कोई स्थायी साम्राज्य है और न ही दुख का अनंत ठहराव। इसलिए, आइए अतीत के बोझ को उतार फेंके, वर्तमान के सौंदर्य को जीयो।
शाश्वत प्रेम और रिश्तों की गरिमा : प्रेम का हर स्वरूप सुंदर है, जो जीवन को जीवंतता प्रदान करता है। रूह से जुड़े संबंध भौगोलिक दूरियों से परे होते हैं, वे कभी अलग नहीं हो सकते। रिश्तों की नींव में ‘दिखावा’ नहीं, बल्कि ‘आत्मीयता’ होनी चाहिए। आप जिनके भी साथ हों, उन्हें अपने प्रेमपूर्ण अस्तित्व का अहसास दिलाते रहें। परिस्थितियाँ बदल सकती हैं, पर आपके व्यवहार की मिठास और रिश्तों का सम्मान कभी कम नहीं होना चाहिए। हमेशा याद रखें, वास्तविक प्रेम साधारण नहीं, बल्कि एक अद्भुत ईश्वरीय उपहार है। कठिन समय में किसी का निस्वार्थ प्रेम और उनकी प्रार्थनाएँ चमत्कारिक औषधि का कार्य करती हैं। जहाँ पूर्ण सत्य और निष्ठा होती है, वहाँ न कभी बिखराव होता है और न ही रिश्तों की डोर टूटती है। अपने व्यक्तित्व में प्रतिदिन नयापन और ताजगी लाएं, ताकि आपके रिश्ते समय के साथ और भी अधिक प्रगाढ़ और सुवासित होते रहें। अंतर्मन को सुनना, उसकी अनुभूति करना ही वास्तविक आत्म-प्रेम है। भीतर की यात्रा करना सीखो, तभी स्वयं से मिल पाओगे। आनंद को स्वयं तक सीमित न रखें, जब आपको आनंद प्राप्त होगा, वह आपको शांति की ओर ले जाएगा।







