परिचय- नील मणि मेरठ, (उत्तर प्रदेश)
मैंने राजनीतिक विज्ञान में परास्नातक शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने करियर की शुरुआत एक स्वरोज़गार कंप्यूटर प्रोग्रामर के रूप में की। तर्क और तकनीक की दुनिया से आगे बढ़ते हुए अपनी कल्पना शक्ति को आकार दिया और एनिमेशन के क्षेत्र में कदम रखा। आज एक कार्टूनिस्ट और लेखक के रूप में सामाजिक, राजनीतिक और पारिवारिक जीवन के विविध रंगों को अपने व्यंग्य, रेखाचित्रों, कविताओं और कहानियों के माध्यम से जीवंत करने की कोशिश में हूँ। मेरी रचनाएँ व कार्टून्स विभिन्न प्रतिष्ठित, सरकारी, देश-विदेश की पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो रही हैं।
(नया अध्याय, देहरादून)
नववर्ष की दस्तक
पुराना साल विदा ले गया
अनकही सीखें दे गया
कुछ आँसू कुछ मुस्कान
जीवन का नया विधान।
नववर्ष आया द्वार खड़ा
आँखों में सपनों की धूप
कहता है— चलो फिर से लिखें
अपने कल का सुंदर रूप।
बीते कल की भूलों से
अब लेना है बस ज्ञान
कड़वाहट को छोड़ चलें
मन में भर लें विश्वास।
हर दिन हो थोड़ा बेहतर
हर रिश्ता कुछ और गहरा
मेहनत सच्चाई करुणा से
सजाएँ भविष्य का सवेरा।
नववर्ष नहीं केवल तारीख
यह तो उत्सव संकल्पों का
रोज थोड़ा अच्छा करना—
बस यही संदेश नववर्ष का।
सुकून शाला
एक दिन मैंने मम्मी से हँसते-हँसते कहा—
“मम्मी, जब मैं छोटी थी न… आपकी एक बात मुझे बहुत बुरी लगती थी।
और आज जब बड़ी हो गई हूं तो मैं भी आप ही की तरह की मम्मा बन गई हूं!”
मम्मी ने चौंककर पूछा, “ऐसी कौन-सी बात?”
मैंने कुकर खोलते हुए कहा—
“ऑफिस से लौटूँ और घर फैला-फसरा मिले— तो बस मेरा पारा भी सातवें आसमान पर चढ़ जाता है!”
मम्मी ने हल्की मुस्कान दी।
मैंने आगे कहा और सुनिए… मज़े की बात! अशोक भी बिल्कुल पापा जैसे ही हैं।
बच्चों से कहते हैं— “जल्दी-जल्दी सामान समेटो, बर्तन किचिन में रखो, बिस्तर ठीक करो…
चांडिका ऑफिस से पहुंचने ही वाली है!”
मम्मी ने हँसते हुए सिर पर हाथ फेरा और बोली— “तो आखिर समझ में आ ही गया, मेरी लाड़ो…”
मैं पलंग पर बैठते हुए बोली—
“हाँ मम्मी, अब समझ आया… घर सिर्फ दीवारों से नहीं होता— घर एक सुकून-शाला होता है।
बाहर की भागदौड़, ऑफिस की दौड़-धूप, ट्रैफिक की खीझ और जिम्मेदारियों की धूल लेकर जब थकान ओढ़ा शरीर घर पहुँचता है, तो उसे एक शांत, व्यवस्थित, नरम-सा माहौल चाहिए होता है।”
मम्मी ने मुस्कुराते हुए कहा,
“तो बेटी… तुम बुरी मम्मा नहीं हो, तुम बस… घर की सूरज बन गई हो। एक दिन बच्चे भी समझ ही जाएंगे।”






