राजकुमार कुम्भज
जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, देहरादून)
_____________________
कठिन नहीं है ताली बजाना.
_____________________
कठिन नहीं है ताली बजाना
लेकिन कठिन है ये समझना कि क्यों
और ये समझना तो कठिन है और-और
कि कब बजाना, कहाँ बजाना
बात बे-बात पर यूँ ही, यूँ ही बजाना ताली
है कठिन, वाकई है कठिन बहुत-बहुत
दाएँ और बाएँ की टक्कर सेआती है ताली
तो है ग़ाली भी दाएँ-बाएँ की टक्कर से ही
टक्कर नहीं, ताली नहीं, गाली नहीं
फिर सम्मान क्या, असम्मान क्या
ताली से कहीं अधिक सम्मान है ग़ाली का
आज निरंतर बदलते जा रहे लोकतंत्र में
ताली और गाली आभूषण हैं लोकतंत्र के
गलत जगह ताली बजा देना ठीक नहीं
सबूत है नितांत और खालिस बुद्धिहीनता
और सही जगह ताली नहीं बजाना
दर्शाता है विवेकवान बुद्धिवान कायरता
ग़लत जगह ग़ाली सबूत है गलत होना
और सही जगह गाली नहीं देना
दर्शाता है सामूहिकता के डर से डर जाना
डरता वही है जो हरदम बजाता है ताली
और बीच भँवर तना रहता है जैसे शिखंडी
और डरता रहता है फिर-फिर गाली से
जरुरी है ऐसे में ढूँढ़ना समझ और आग
मैं ढूँढता हूँ वसंत और टक्कर
मैं ढूँढता हूँ टक्कर और टकराना
मैं ढूँढता हूँ टकराना और एक लौ
लौ वही जो प्रकाशमान बूँद-बूँद पानी में
ज़ाहिर हो जिसमें कोई एक विचार भी
इसे जानें सब जानें तो है शायद बेहतर
और अगर नहीं जानते हैं तो क्यों नहीं
करें कोशिश और जानें जरा जल्दी जाने
कि टकराने से ही सुलगती है दुनिया
कि टकराने से ही बदलती है दुनिया
कि टकराने से ही सॅंवरती है दुनिया
यूक्रेन और तिब्बत-ताईवान में इस वक़्त
है जो भी है, जैसा भी है कम-कम कमतर
उजियारे-अंधियारे जैसा कुछ-कुछ
क्या नहीं आतंक, कालिख, कलंक
क्या नहीं अतिक्रमण क़दम साम्राज्यवादी
क्यों, कैसे, किस निमित्त, किस कारण
भिन्न नहीं वेनेजुएला से जरा भी भिन्न नहीं
और बात बे-बात ताली बजाने से पहले
एक जरुरी सूचना हो सकती है ये भी
कि ताली होती है सिर्फ तमाशाभर नाम
ग़ाली ही होती है खास दूर तक काम की
कठिन नहीं है ताली बजाना कहीं भी
बशर्ते कि हो नहीं खाली।
____________________






