सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका
नवापारा-राजिम
रायपुर, (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आलेख
स्वयं को सुरक्षित रखने का अर्थ पत्थर दिल होना नहीं, बल्कि ‘चयनित दयालुता’ अपनाना है। आपकी अच्छाई व प्रेम के पात्र हर कोई नहीं हो सकते! : सुश्री सरोज कंसारी
▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬
दयालुता एक अमूल्य उपहार है, इसे हर किसी पर लुटाकर व्यर्थ न करें। जो इसकी कद्र न करे, वहाँ से अपनी ऊर्जा समेट लेना पत्थर दिल होना नहीं, बल्कि आत्म-सम्मान के संग जीना है…जीवन में कुछ बातें ऐसी होती हैं जिन्हें हम किसी भी हालत में स्वीकार नहीं करना चाहते। जीवन के विभिन्न क्षेत्र होते हैं, हर जगह हमारी भूमिका अलग होती है। मानसिकता को समय के साथ उसके अनुकूल बनाना होता है, अन्यथा कई तरह की दुविधाओं का सामना करना पड़ता है। एक दिन दूसरे दिन जैसा नहीं होता, समय के अनुसार नई सोच विकसित होती है, जहां हम सामंजस्य, समन्वय और संतुलन बनाए रखने का प्रयास करते हैं। कुछ बंधन और जिम्मेदारियां ऐसी होती हैं जो हमारी आत्मा से जुड़ी होती हैं, जो झूठ, धोखा, और नफरत से परे होती हैं। इन रिश्तों में हम निस्वार्थ होते हैं, सिर्फ आत्मीयता होती है। जिनके लिए हम स्वाभाविक रूप से ईमानदार होते हैं, वे हमारे जीवन का एक अहम हिस्सा होते हैं। चाहे जीवन का कोई भी मोड़ हो, हर किसी को मानसिक शांति, सुरक्षा और अपनत्व से भरे रिश्तों की जरूरत पड़ती है। हम कितने भी आगे चले जाएं, कहीं भी रहें, कुछ रिश्ते, नाते, व्यवहार और आत्मीय जन हमेशा हमारे दिल और दिमाग में बसते हैं, वे कभी जुदा नहीं होते। समय-समय पर वे हमें मनोबल, उत्साह, उत्सुकता, नई सोच और जीवन जीने की कला देते हैं। आज के समय में लोग अक्सर स्वार्थ में व्यस्त होते हैं, जहां संवेदनाएं मर रही हैं। ऐसे दौर में अगर कोई आपके प्रति पूर्ण आस्था, विश्वास, सम्मान, मित्रतापूर्ण भाव और आत्मीयता रखता है, तो ऐसे रिश्ते आपके जीवन का सबसे अनमोल उपहार हैं। आत्मीयता से भरे ऐसे रिश्तों को तनिक सुख के लिए खो देना आपके जीवन की सबसे बड़ी हानि है। जहां रिश्तों में विश्वास होता है, वहां हम कभी संदेह नहीं करते, हम उन्हें अपने अंतस की गहराई में सहेज कर रखते हैं। लगाव एक मन का सुकून होता है, जो इस नश्वर जीवन के बीच भी हमें हर वक्त खुशियों से भरे पल देता है। किसी की मासूमियत, सरलता, सहजता और सच्चे, पूर्ण समर्पित, प्रेम भरे रिश्तों से कभी धोखा मत करना। जीवन में जब कभी बेवजह दिल दुखता है, वो चुभता बहुत है। इस दुनिया में हम अकेले आते हैं, अपने कर्म और व्यवहार से विभिन्न रिश्तों में बंधते हैं। अपनों के साथ ही परायों से भी मधुर संबंध बनते हैं। अजनबियों से भी परिचित होते हैं, आत्मीयता होती है, भावनाओं को समझते हैं। एक दूसरे के सहयोगी होकर इस सांसारिक यात्रा को पूर्ण करते हैं, जहां कई उतार-चढ़ाव से गुजरते हुए हम सिर्फ प्रेमपूर्ण भावनाओं के प्रवाह से एक दूसरे को आगे बढ़ने, जीवन जीने, उनके दुख में सहभागी बनते हैं…यही जीवन है। जब तक एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हैं, साथ निभाते हैं, कोई समस्या नहीं होती, हर तरह की विपदाओं का सामना कर लेते हैं। लेकिन याद रखिए, अचानक से जीवन में कोई छूट जाता है, रूठ जाता है, बदल जाता है, अलगाव हो जाता है, मानसिक रूप से कोई आपको पूरी तरह तोड़ देता है, जिस बात का अंदाजा भी आप कभी नहीं लगाते, तब संभलना मुश्किल हो जाता है। आपकी स्थिति चिंतनीय हो जाती है, आप उस तरह के व्यवहार पर यकीन नहीं कर पाते, लेकिन यही सच है। कितने भी प्रिय आत्मीय जन, करीबी हों, स्वार्थ की हवा एक पल में सारी उम्मीद को बिखेर कर तहस-नहस कर देती है। इसलिए अपने दिल और दिमाग को हमेशा व्यवस्थित रखिए। अपनी भावनाओं को नियंत्रित कीजिए। किसी भी विपरीत हालात में अपनी स्थिति दयनीय कर लेना, गलत कदम उठाना, ऐसी स्थिति न हो, यह हमेशा ध्यान रखिए। हर तरह की यातनाओं को सहते हुए भी हम जीवन का आनंद लेने का प्रयास करते ही हैं और एक दिन सफल भी होते हैं, लेकिन दिल में लगे जख्म को भरना बेहद कठिन होता है…कभी-कभी मनुष्य मानसिक संतुलन भी खो बैठता है, खुद को खत्म करने या जो दर्द देते हैं उन्हें हानि पहुंचाने की कोशिश भी करता है। उस वक्त उनकी हालत बेहद नाजुक होती है, सही-गलत को समझने की क्षमता नहीं होती। अपने दिल को हमेशा प्रेम की नमी दीजिए, किसी भी इंसान के लिए उसे रोने-बिलखने मत दीजिए। निभाइए सभी को, लेकिन किसी की आदत मत बनाइए। विश्वास के टूटने पर कभी-कभी इंसान अति भावुक होकर मानसिक संतुलन भी खो बैठता है, बदलाव को सहज स्वीकार न कर पाने के कारण सामने वाले को या खुद को हानि पहुंचाने की कोशिश भी करता है। किसी के बाहरी स्वभाव से उसकी आंतरिक स्थिति का अंदाजा नहीं लगा सकते। आज के समय में लोग इतनी चालाकी के साथ रिश्ते निभाते हैं कि अपने छल-कपट, षड्यंत्रपूर्ण व्यवहार का एहसास नहीं होने देते। वे साथ रहकर आपके खिलाफ आपकी तबाही का तूफान पालकर रखते हैं और अपना स्वार्थ निकाल लेने के बाद अपनी औकात दिखा देते हैं। आज लोग दिल की गहराई से रिश्ते कम निभाते हैं, अपने सुख-सुविधा के अनुसार अधिकतर सिर्फ इस्तेमाल करते हैं। भावनात्मक प्रेम की पवित्रता को स्वीकार न कर भोग-विलास, मौज-मस्ती में रहना ज्यादा पसंद है, जिसके लिए वे रूह से जुड़े रिश्ते को भी एक पल में तोड़ देने में संकोच नहीं करते। एक हद तक अधिकार, प्रेम और आत्मीयता स्वाभाविक है, जहां हम बेहद हो जाते हैं, वहीं तकलीफ होती है। हर इंसान में समय के साथ बदलाव आता है, चाहे कोई आपके कितने भी प्रिय हों, सभी अपनी सोच, कार्य और परिस्थिति के अनुसार ही निर्णय लेते हैं। मजबूत रिश्ते भी कभी मजबूर हो जाते हैं…दर्द और मन में उठ रहे सवालों को लेकर जब हम जिंदगी के सफर में चलते हैं, तो एक तड़प होती है, दिल से आह निकलती है, घुटन भरे विचारों के नकारात्मक प्रवाह हमें उदासी के उस अंधकार में ले जाते हैं, जहां सारी उम्मीदें, रुचि, शौक और ख्वाहिशें बिखर कर चकनाचूर हो जाती हैं। भाव शून्य भावनाएँ हमें बेबस और तन्हा कर देती हैं। जो हो गया, उसे जितनी जल्दी स्वीकार कर लेंगे, उतने ही मुक्त रहेंगे इस सांसारिक जीवन की व्यथाओं से। जितना अधिक डूबेंगे इस मोह की नगरी में, उतने ही बेचैन रहेंगे। मनुष्य जीवन आरंभ से अंत तक विचित्रताओं भरा होता है, कुछ बातें जो आकस्मिक होती हैं, उसे समझने, सहने और शांत होने में समय लगता है। जीवन में सब्र कभी नहीं खोना, एक इंतजार हमेशा जीवित रखिए, चाहे कितना भी घना अंधेरा हो। संभाल रखा करो… अपनी नाजुक भावनाओं को, उसे भटकने मत दें…मन-मस्तिष्क बिखर जाते हैं जब हम किसी व्यक्ति को अपने जीवन का अधिकारी बना मान लेते हैं और अचानक से उसे खो देते हैं। स्थाई तो कुछ भी नहीं, बस क्षणिक जीवन में सब कुछ पाकर उसे त्याग देने का भी हिम्मत जुटाना है। जीवन को बेहतर करते रहिए, आपके मन की शांति खो जाए, ऐसे कार्य करने से बचें। कुछ भी पहले से निश्चित नहीं होता, समय के साथ सब कुछ घटित होता है…जीवन के इस सफर में मिलना-बिछड़ना, खोना-पाना और व्यक्ति, वस्तु, स्थान का बदल जाना स्वाभाविक घटना है। हर किसी से दिल लगाकर धोखा मत खाते रहिए, बल्कि अपने स्वाभिमान, सम्मान और अस्तित्व की रक्षा कीजिए। चाहे कैसी भी स्थिति हो, कितने भी गम हों, दुःखद दौर हो, एक दिन हर जख्म पर मरहम भर जाते हैं। बस, ज्यादा लगाव से बचें, मानसिक स्थिति को डांवाडोल मत होने दीजिए। कुछ खोने के बाद मायूस न होना , आप जीवन के श्रेष्ठ योद्धा हो, इस रणभूमि के विजेता हो। अपनी जज्बातों को बिखेरना मत, उसे सहेज कर नई ताकत उत्पन्न करो। इतना मजबूत बन जाइए कि कोई भी रोग, शोक, भय, संताप आपको छू न पाए। इस नश्वर शरीर से मोह कम ही रखिए, एक दिन ये जर्जर हो जाएंगे। इसलिए हर पल उत्साहित रहें। हर व्यक्ति का स्वभाव निर्मल नहीं होता। यदि सुकून चाहते हो, तो खुद को कार्यों में समर्पित कर दो। इंसान से लगा जख्म बन सकता है, पर काम से लगा लगाव आपको महान् बना देता है।
निष्कर्ष:
आप अपनी संवेदनशीलता और मानवता को खत्म न कीजिये। दुनिया की कड़वाहट के कारण खुद को पूरी तरह बंद कर लेना या औरों के प्रति निर्दयी हो जाना आत्म-रक्षा नहीं, बल्कि आत्म-नुकसान है। स्वयं को बचाना एक रणनीतिक निर्णय है। आप एक दीया हैं; सबको रोशनी दें, लेकिन किसी को खुद को बुझाने की इजाजत न दें।
—————————————






