डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या
(नया अध्याय, देहरादून)
दोहा गजल (नदी-माहात्म्य)
वन-पर्वत को लाँघती, मिलन हेतु प्रिय संग।
अल्हड़ सरिता बह चली, हिय में लिए उमंग।।
गाँव-नगर होती हुई, खेत और खलिहान।
प्यासे को जल बाँटती, मिलती सिंधु-तरंग।।
स्वयं तो प्यासी आत्मा, किंतु हरे जग-प्यास।
अमर प्रेम की यह कथा, प्रेम-अनूठा ढंग।।
पिया सिंधु से अंत में, मिले नदी जा दूर।
जीव-ब्रह्म के मिलन इव, विमल रूप यह रंग।।
इठलाती यह अवनि पर, चंचल-प्रबल-प्रवाह।
बलखाती-गाती बहे, शिला-खंड कर भंग।।
मिलकर प्रीतम सिंधु से, होती शीघ्र अदृश्य।
सरित-सिंधु अद्भुत मिलन, ज्यों रति-मिलन अनंग।।
महि की शोभा है नदी, हर प्राणी का प्राण।
जल दे जीवन तृप्त कर, बहती लगे विहंग।।






