राजकुमार कुम्भज जवाहरमार्ग, इन्दौर,
(नया अध्याय, देहरादून)
____________________
एक ओस-कण है आदमी.
____________________
दूसरों को अज्ञानी समझते हुए
ख़ुद को चरम ऋषि समझ रहा है आदमी
चोर क्या देखे,मोर क्या देखे,नाचे-नाचे
मोर-चोर खुद ही बन गया है आदमी
धूप-धूप खेलते हुए,झोंकता है धूल
ऑंखें अपनी ही खो रहा है आदमी
खोटी अठन्नी-चवन्नी दिखा-दिखाकर
सिक्के सोने के हड़प रहा है आदमी
समझ-समझ के फेर में,है समझ का फेर
समझ के फेर में उलझ रहा है आदमी
पत्थर पूजकर देवता बना रहा है आदमी
और पत्थर से बद्तर हो रहा है आदमी
राख,धूल,मिट्टी है,सब जानता है आदमी
राख,धूल,मिट्टी से कम हो रहा है आदमी
हर आदमी के भीतर छुपा है ये आदमी
इसी आदमी से लड़ रहा है ये आदमी
आदमी है अच्छा कि है शैतान का बच्चा
आदमी को ही नोंच खा रहा है आदमी
हरे पत्ते पर एक ओस-कण है ये आदमी
सुबह होते ही सो जाएगा ये आदमी.
____________________
गहरी नींद है मृत्यु.
____________________
गहरी नींद है मृत्यु की मानिंद
जागता रहा हूँ कि हुईं हैं शताब्दियाॅं
शायद किसी एक खिड़की के इंतज़ार में
कहीं कोई एक दस्तक सुनाई देगी धीरे से
सिर मेरा ही टकराएगा मेरी ही दीवारों से
कोई पुकारेगा उधर से बार-बार एक दिन
इधर घन-घनाती रहेगी फ़ोन की घंटी
शोर होता रहेगा,बाँसुरी बजती रहेगी
महुआ बीनती रहेंगी आदिवासी औरतें
परचून पर बिकता रहेगा मिर्च-मसाला
चूल्हे में राख होती रहेंगी सूखी लकड़ियाॅं
सूना-सूना,वीराना सब लिखते रहेंगे कवि
फिर-फिर खिलते रहेंगे फूल जॅंगल-जॅंगल
शेष जो रहेंगे,सुनेंगे क़िस्से-कहानियाॅं
ग़र याद रहे.
____________________







