सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका, कवयित्री एवं शिक्षिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम (रायपुर, छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
‘अनुभवों की कोपलें’ (कविता)
————————————-
कभी हँसाती, कभी यह हर्षाती,
रूठती तो झट से मनाती है।
एक सिक्के के दो पहलुओं सी,
हर रंग में खुशियाँ बिखेरती है।
सफर होता है बहुत सुहाना इसका,
लगती बड़ी मस्तानी है।
थककर मंजिल तक पहुँचाती,
भटके राहगीरों को राह दिखाती है।
सच के सुंदर पथ पर चलकर,
संघर्षों को जीतना सिखाती है।
धूप-छाँव सी यह जिंदगी,
नित नए सुनहरे इम्तिहान लेती है।
पतझड़ के बाद उम्मीदों की,
नई कोपलें यह देती है।
कभी बढ़ाती हौसला, कभी राह दिखाती,
ऊँचे-नीचे राहों में खुद को संभालती है।
अपने अनुभवों से यह,
सभी को प्रेरणा दे जाती है।
कभी बिगड़ती, कभी संवरती,
तप कर कुंदन सी निखरती है।
जिंदगी एक पहेली है,
जो उत्सुकता से भरी नजर आती है।
मनमोहक है हर अदा इसकी,
यह सुंदर अहसास कराती है।
सदा हौसले से जीते हैं लोग,
यह अटूट विश्वास जगाती है।
रूबरू कराती है नए सवेरे से इसीलिए,
ताकि समझें कि जिंदगी कितनी प्यारी है।
हर पल अब हम मुस्कुराएँ,
मुश्किलों का डटकर सामना करें।
दुश्मनी तजकर हर ओर,
प्यार की ही गंगा बहाएँ।
मन छोटा न कभी करना,
प्यार से ही तो जग में रहना है।
इन अनमोल पलों को जी लेना है,
अब जिंदगी को गले लगाकर रहना है।






