सुनील कुमार वर्मा
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
मूर्ख ही सही
एक स्थान पर कुछ बुद्धिमान और बहुत सारे मूर्ख रहते थे, बुद्धिमानों को बहुत सारे मूर्खों के साथ रहना बर्दाश्त नहीं होता था, इसलिए उन्होंने सभी मूर्खों को बुद्धिमान बनाना शुरु कर दिया, ऐसा करते हुए उन्होंने लगभग सभी मूर्खों को बुद्धिमान बना दिया। पर उनमें से एक मूर्ख बुद्धिमान बनने को तैयार नहीं था, उसे मूर्ख बने रहना ही अच्छा लगता था, सभी बुद्धिमानों ने सोचा हमारे बीच एक मूर्ख रह भी जाए तो क्या दिक्कत है? पर अब एक समस्या यह आने लगी कि, vवहां कोई किसी की बात ना सुनता था ना मानता था. सभी अपने आप को बुद्धिमान समझने लगे थे. तब सभी बुद्धिमानों को उस मूर्ख व्यक्ति के पास जाना पड़ा. क्योंकि वही एक था जो उन सभी की बातें सुन सकता था और उनका कहना मान सकता था, तब उस मूर्ख व्यक्ति ने एक शर्त रखी, उसने कहा।
“मैं तुम लोगों की बात तभी सुनूंगा और मानूंगा जब तुम लोग मुझे अपना राजा स्वीकार करोगे।”
सभी बुद्धिमानों ने उस मूर्ख की शर्त मान ली, राजा बन जाने के बाद अब तो वह मूर्ख भी किसी की बात ना सुनता था और ना मानता था। बुद्धिमानों ने उसे समझाने की बहुत कोशिश की तब उस मूर्ख ने कहा।
“मैं मूर्ख जरूर हूं, पर इतना अवश्य जानता हूं कि राजा किसी का हुक्म नहीं मानता है.मैं तुम्हारा राजा हूं इसलिए अब तुम्हें मेरा कहा मानना होगा.”
इस प्रकार वह मूर्ख सभी बुद्धिमानों पर राजा बनकर शासन करने लगा।







