राजकुमार कुम्भज
जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
_______________________
अयोध्या ही क्यों?
_______________________
शराफत है शिगूफा उबल रहा है
कौन है कमीना जो खेल जाए जान पर
और बचा ले चिथड़ा-चिथड़ा हो रहा सच
अयोध्या ही क्यों सुलग रहा है बार-बार
कांड हैं और भी कई, हो रहे हैं रोज-रोज
अखबारों में छपता है सुबह-शाम हर दिन
आज आएँगे अतिथि दिन गुजरेगा प्रसन्न
बाजार गया, कट गई जेब, घर लौटा, पाया
ठाठ से गायब था सामान कपड़े-जूते तक
मंदिर गया था नँगे पाँव करने दुआ-सलाम
वसूली करना थी पुजारी-पुलिसवाले से
कमबख्त देता रहता है चींटीछाप झाॅंसे
बीबी बीमार है कहते हुए हड़पा था उधार
अयोध्या ही क्यों है सबब महामारी
क्यों मरते हैं, कब तक मरेंगे, और अभी
धौंस है वर्दी की और गर्मी भी उसके पास
वह वही हुआ जाता है मुहल्ला-सरकार
किसका पैसा, कैसा पैसा, लेना-देना गप्प
अब, सब फैसला उसीका, काटता है हफ्ता
रामजी की चिड़िया रामजी का खेत
खाओ मोरी चिड़िया भर-भर पेट
अयोध्या में था नहीं, बचा नहीं कोई योद्धा
फिर भी अयोध्या ही क्यों ताकता हूँ मैं
जबकि योद्धा-रहित हो गया है समूचा देश
डंडा-झंडा-फंडा सब उसीका।
____________________
लोहा तो लोहा है।
____________________
लोहा तो लोहा है
डरानेवाला डराता रहेगा कब तक
तब तक सिर्फ तब तक ही डराता रहेगा
जब तक कि मैं डराने से डरता रहूँगा
और अगर डरता रहा, इसी तरह डरता रहा
तो लाख कोशिशों के बावजूद मरता रहूँगा
रहता है लोहा रहता है ठीक अपनी जगह
जगह-जगह बदलता नहीं है जगह अपनी
विचार भी रहते हैं अपनी-अपनी जगह
अपनी-अपनी महत्वाकाँक्षाओं, निष्ठाओं
और अपनी-अपनी परंपराओं के टीलों पर
जबकि जरुरत होती है नीचे मैदानों में
ढ़लानों में कभी भी ढ़लता नहीं है लोहा
जो ढ़लता नहीं है, बनता नहीं है औजार
और औजार जो बनता नहीं है लोहा
यूँ ही पड़े-पड़े बेकार होकर सड़ जाता है
ऐसे में कौन है, कौन वह, जो लड़ जाता है
जाहिर है कि वो होता है लोहे जैसा साहस
फिर भी लोहा तो लोहा है होता है भीतर
थोड़ा-थोड़ा होता है वह होता है सभी में
लेकिन थोड़ा-थोड़ा पाया जाना है जरुरी
लोहा लेने का लोहा भी।
____________________







