राजेंद्र रंजन गायकवाड़
सेवा निवृत्त केंद्रीय जेल अधीक्षक
छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
धोखे ही धोखे हैं,,, वफा क्या करे?
(रागरंजन – लेखमाला)
बड़ी कशमकश और मानसिक उथल-पुथल के बाद सीमा का एक सप्ताह गुजरा था उसकी आँखों में अब भी थकान और आँसुओं के सूखे निशान थे, पर स्वर में एक नई दृढ़ता झलक रही थी। फोन पर बात करते हुए उसने कहा, “सर, अब किसी के चक्कर में आने वाली नहीं हूँ। बस अपनी नौकरी और समाज सेवा में लगी रहूँगी।”
बातों-बातों में उसने पूछा, “सफल प्रेम कैसे मिलता है?”
यह प्रश्न जितना सरल लगता है, उतना है नहीं प्रेम कोई फॉर्मूला नहीं है कि आपने X किया तो Y मिल जाएगा। मैंने उसे समझाने की कोशिश कि प्रेम क्या है?
प्रेम मूलतः एक एहसास है, जो दिमाग़ से ज्यादा दिल से पैदा होता है। इसमें स्नेह, सम्मान, समर्पण, समझ, सहानुभूति, संतुलन, संलग्नता, सुरक्षा, संतोष, सुंदरता, साधना और साध्य जैसे अनेक आयाम जुड़े होते हैं। हर व्यक्ति के लिए प्रेम की परिभाषा अलग-अलग हो सकती है। किसी के लिए वह रोमांस है, किसी के लिए सुरक्षा, तो किसी के लिए आत्मिक जुड़ाव। लेकिन सच्चा प्रेम वह होता है जो समय की कसौटी पर खरा उतरे, धोखे और स्वार्थ की आँधी में भी अटल रहे।
दुर्भाग्य से आज ज्यादातर रिश्ते धोखे पर टिके हैं, वफा नाम की चीज कम ही बची है। पिटरिम सोरोकिन के अनुसार प्रेम के प्रकार
समाजशास्त्री पिटरिम सोरोकिन ने प्रेम को विस्तार से समझाया है। उन्होंने मुख्य रूप से तीन प्रकार बताए
1. आकर्षण से उत्पन्न प्रेम (Sensate Love)
यह सबसे आम और सबसे क्षणिक प्रकार है। किसी की सुंदरता, आकर्षक व्यक्तित्व, स्वर, मुस्कान, पद, संपत्ति, प्रतिभा या स्टेटस देखकर दिल पिघल जाता है। शुरू में सब कुछ जादुई लगता है रातें छोटी पड़ जाती हैं, बातें खत्म ही नहीं होतीं लेकिन यह प्रेम अज्ञान और सम्मोहन पर टिका होता है।
जैसे ही रोजमर्रा की जिंदगी शुरू होती है, मोहभंग हो जाता है। छोटी-छोटी बातों पर झगड़े, ऊब, अनिश्चितता और उदासी आ घेरती है। सोशल मीडिया युग में तो यह और भी खतरनाक हो गया है। इंस्टाग्राम-फेसबुक पर क्यूरेटेड तस्वीरें देखकर लोग आकर्षित होते हैं, लेकिन वास्तविकता सामने आने पर रिश्ता चूर-चूर हो जाता है।
2. सुख-सुविधा और लोभ से उत्पन्न प्रेम (Utilitarian Love)
यह और भी खतरनाक है। इसमें प्रेम नहीं, लेन-देन होता है। “तुम मुझे यह दो, मैं तुम्हें वह दूँगा।” सहारा, सम्मान, आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक प्रतिष्ठा, शारीरिक सुख — सब कुछ एक सौदे का हिस्सा बन जाता है।
यह प्रेम कुछ घंटों, दिनों या अधिकतम कुछ महीनों तक चलता है। सीमा जैसी संवेदनशील लड़कियाँ अक्सर इसी जाल में फंस जाती हैं। वे पूरे दिल से देती हैं, लेकिन बदले में ठोकरें ही मिलती हैं। चूंकि सीमा पहले ही जीवन के कई रिश्तों की सच्चाई अपनी आँखों से देख चुकी थी, इसलिए कुंदन के छलावे से वह बच गई। उसने समझ लिया कि जो प्रेम सुख-सुविधा पर आधारित है, वह कभी स्थायी नहीं होता।
3. निस्वार्थ प्रेम (Agape or Altruistic Love)
यह सबसे ऊँचा और दुर्लभ प्रेम है। इसमें स्वार्थ का लेश भी नहीं होता। आपसी संबंध व्यक्तिगत हित, पारिवारिक दबाव या सामाजिक प्रतिष्ठा से ऊपर उठ जाते हैं। इसमें समर्पण, त्याग और बिना शर्त का स्नेह होता है।
दुख की बात यह है कि आधुनिक युग में यह प्रेम लगभग लुप्तप्राय हो गया है। सोशल मीडिया ने अपेक्षाओं को इतना बढ़ा दिया है कि लोग समझौते करना भूल गए हैं। छोटी-छोटी बातों पर ब्रेकअप, ट्रोलिंग, इगो और “मेरी खुशी पहले” वाली सोच ने वफ़ा को लगभग नामुमकिन बना दिया है।
वास्तविक उदाहरण उत्तर प्रदेश में एक युवक ने अपनी प्रेमिका को अफसर बनाने के लिए सब कुछ दाँव पर लगा दिया पैसे, समय, रिश्ते, यहां तक कि अपना करियर भी। लेकिन जब मौका मिला, तो प्रेमिका अपनी “मनमर्जी” पर उतर आई उसने वफ़ा को धोखा दे दिया।
मेरी एक पुरानी कहानी सत्या का सत्य (अनकहे रिश्ते) में भी यही बताया गया था। गांव का एक साधारण युवक एक भीख मांगती गरीब लड़की से प्यार करता है। वह उसे कोलकाता ले जाता है, सम्मान देता है, नई जिंदगी देता है। शुरू के कुछ साल सब ठीक चलता है। लेकिन बाज़ारवाद, नई दोस्ती और भौतिक लालच ने सत्या को बदल दिया। उसने उस सच्चे प्रेम को, जिसने उसे भीख से निकालकर इज्जत दी थी, धोखा दे दिया।
ये कहानियाँ सिर्फ़ कहानियाँ नहीं हैं ये आज की हक़ीक़त का आईना हैं।
आखिर सफल प्रेम कैसे मिलेगा?
सफल प्रेम तब मिलता है जब दोनों पक्ष निस्वार्थ भाव से एक-दूसरे को स्वीकार करें। जब अपेक्षाएँ कम हों और समर्पण ज़्यादा हो। जब धोखे की बजाय विश्वास हो, और वफा को सिर्फ शब्द न मानकर जीवन का आधार बनाया जाए।
सीमा को मैंने कहा “बेटा, नौकरी और समाज सेवा अच्छा रास्ता है। लेकिन प्रेम से भागो मत बस उस प्रेम को चुनो जो तुम्हें तोड़े नहीं, जोड़ता हो। जो तुम्हारी आत्मा को छूता हो, न कि सिर्फ शरीर या स्टेटस को।”
धोखे और धोखेबाज तो आजकल हर तरफ़ हैं, लेकिन वफा अभी भी कहीं न कहीं बची हुई है। बस उसे ढूंढने की नजर और इंतजार की हिम्मत चाहिए।







