डॉ0 हरि नाथ मिश्र
(पूर्व विभागाध्यक्ष-अंग्रेजी)
का0 सु0 साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय,
अयोध्या, (उ0प्र0)
(नया अध्याय, देहरादून)
दोहे (बरसात)
मन मयूर नर्तन करे, जब होती बरसात।
विरहन-उर को बेधता, व्योम-तड़ित-आघात।।
घन घमंड की गर्जना, सुन झंकृत संसार।
वर्षा-ऋतु की देन पा, होता हर्ष अपार।।
सावन की बरसात में, रिम-झिम पड़े फुहार।
हरी-भरी इस अवनि में, अद्भुत दिखे निखार।।
लिए साथ हल-बैल को, जाते दिखे किसान।
फसल उगा कर अन्न दे, जो है कार्य महान।।
कजरी गातीं गोरियाँ, झूले पर असवार।
दिखें चूमती व्योम को, पेंग निरंतर मार।।
दादुर-ध्वनि बरसात में, लगे रुचिर ध्वनि वेद।
विविध यंत्र संगीत के, बजते जिमि बिन भेद।।
अमृत सम बरसात तो, है प्रभु का वरदान।
सकल भूमि सिंचित करे, पहन मेघ-परिधान।।






