राजकुमार कुम्भज
जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
________________________
बारिश के इस महाशोर में.
________________________
बारिश के इस महाशोर में
जरा भी सुनाई नहीं दे रहीं हैं चीखें
साधारण दस्तकें तो बिल्कुल ही नहीं
बच्चों की, स्त्रियों की खो गईं हैं पुकारें भी
मनुष्य ही नहीं, काँप रहे हैं मवेशी तक
फिर भी लहरा रही हैं भदेस धर्म-ध्वजाएँ
कितना आतंक है इस बार इस बारिश का
बारिश जो सरकार की हमशक्ल नहीं,
ग़ुलाम नहीं, चाकर नहीं, अंधभक्त भी नहीं
फिर भी सरकारी अजूबे से कुछ कम नहीं
मिटा देने, हड़प लेने को तैयार, लोगों का
छोटा-सा, भरा-पूरा, हरा-भरा, घर-संसार
ये लोग वे, जो माँगते हैं पीने का पानी
और पाते हैं बेशुमार विनाशकारी बाढ़
नदी किनारे बने घरों में रहते हैं डरे-डरे
बहते-बहते करते रहते हैं प्रार्थनाएँ सभी
उस ईश्वर से जिसे कभी कहीं देखा नहीं
और जो कि दरअसल कहीं है भी नहीं
ज़िंदा के लिए मरता नहीं है कहीं कोई
मरने वाले के साथ भी मरता ही कौन है
मृतकों की खातिरदारी में बहाते हैं आँसू
जानेगा कौन कि सच मरा कब, कहाँ, कैसे
बारिश के इस महाशोर में ?
____________________
बारिश की इस अराजकता में.
____________________
बारिश की इस अराजकता में
मैं तलाशता हूँ दो-चार वे सच्चाइयाँ
जिन्हें ओढ़कर अभी सो रहे हैं भद्रजन
अफ़ीमचियों को करते हुए शर्मसार
गायब हो गए हैं चश्मे और चश्माघर सभी
दृष्टिकोण जो बेचते थे लगाकर फेरियाँ
हाँफ रहे हैं हाँके में, मारे जा रहे हैं वे सभी
घाट-घाटपर तरस-बरस रही हैं आँखें
जहाँ-जहाँ कूटना थीं, धोना थीं नैतिकताएँ
वहाँ-वहाँ कायम हो गये हैं सुविधाघर
बड़े थे, कड़े थे इंतजाम स्वतंत्रताओं के
कायरता ने हजम कर लीं मशालें हजारों
मातम मनाने से बेहतर होगा सीखना नया
कोई भाषा नई, कोई परिभाषा नई-नई
कोई न्याय नया, न्याय का अध्याय नया
बेशर्मों की बेशर्मी को डूबोना होगा
बारिश की इसी अराजकता में.
____________________







