कवयित्री चन्द्रमती चतुर्वेदी (चन्दू)
बस्ती, अयोध्या धाम (उ. प्र.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
“यादों में हमारे हो बसते”
यादों में हमारे हो बसते,
दिल में हमारे तुम रहते,
साँसों की हर मधुर लय बन,
मन के मंदिर में बहते।
तेरी हँसी की चाँदनी से,
सूने आँगन जगमग होते,
तेरे बिना ये सपने सारे,
पल-पल टूटे से लगते।
हर धड़कन में तेरा नाम,
धड़कन तुझको पुकारे,
नैन बिछाए बैठी हूँ मैं,
कब आओगे प्राण हमारे।
चाँद गगन का रूठ गया है,
तारे भी अब कम हँसते,
तेरे बिन हर उत्सव सूना,
फूल भी कम ही हैं महकते।
तेरे शब्दों की शीतलता,
मन के घावों को सहलाती,
तेरी यादों की पुरवाई,
जीवन में खुशबू भर जाती।
दूर सही पर प्रेम हमारा,
दूरी से कब हार सके,
सच्चे मन के पावन रिश्ते,
जग की रीति न मार सके।
हर प्रार्थना में नाम तुम्हारा,
हर पूजा में तेरा वंदन,
तेरे बिन यह जीवन जैसे,
सूना-सूना हर स्पंदन।
कभी-कभी ऐसा लगता है,
साँसें भी अब थम जाएँगी,
तेरी बाँहों की छाँव मिले तो,
सारी पीड़ाएँ सो जाएँगी।
रब से बस इतनी विनती है,
जन्म-जन्म तेरा साथ मिले,
हर जनम में मेरी किस्मत को,
तेरे प्रेम का हाथ मिले।
‘चन्द्रमती चतुर्वेदी’ कहे,
तेरे बिना अब नहीं जी सकते।







