अनामिका सिन्हा पाठक ‘अर्श ‘
वाराणसी, (उ. प्र.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
‘जिजीविषा’
वक्त मुट्ठी में बंद रेत की तरह
फिसलता जा रहा है…
मेरे दिल में छुपा मासूम बच्चा
वक्त की हर शै पर….
मचलता जा रहा है ….।
दौलत/शोहरत/संबंध
यहां तक की जिंदगी भी….
रेत पर पड़े निशान भर हैं या पानी के बुलबुले…
फिर भी इंसान कस्तूरीमृग सा
मृगतृष्णा में मरा जा रहा है…।
भौतिकता की नुमाइश
में खो गई है आत्मीयता…
खुदगर्जी/चाटुकारिता के समक्ष
संवेदना हो रही शर्मिंदा…
अहंकार के प्रहार से हर रिश्ता
बिखरता जा रहा है…।
उसे तोड़ने की हर साजिश नाकामयाब रही…
गजब की जिजीविषा है उसमें वो टूटता ही नहीं…
हर ठोकर से वो और निखरता जा रहा है….।







