डॉ0 हरि नाथ मिश्र
(पूर्व विभागाध्यक्ष-अंग्रेजी)
का0 सु0 साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय,
अयोध्या, (उ0प्र0)
(नया अध्याय, देहरादून)
शिशु कॉकरोच
जन्मा जब शिशु कॉकरोच तो,
‘कुल’ विपक्ष-मन मुदित हुआ।
उसके गृह-आँगन में जैसे,
शुभद बाल रवि उदित हुआ।।
प्रथम बाण से शिक्षा घायल,
दूजा सर है तरकश में।
खेल बदलता रहता जैसे,
बारी-बारी सरकस में।
‘रक्षक-दल’ पर तीर चले जनु,
तंत्र एक अब गठित हुआ।।
उसके गृह-आँगन में जैसे,
शुभद बाल रवि उदित हुआ।।
चले दूसरा बाण अग्नि सम,
‘गृह’ मेँ आग लगाने को।
‘क्रुद्ध’ तीसरा बहु लालायित,
‘स्वर्णिम आसन’ पाने को।
‘सर’-संचालक निर्भय होकर,
कहे कार्य यह उचित हुआ।।
उसके गृह-आँगन में जैसे,
शुभद बाल रवि उदित हुआ।।
कॉकरोच शिशु हो तेजस्वी,
‘कुल’ की सोच निराली है।
नव विवाद की मालिश कर के,
करता कुल रखवाली है।
कर हंगामा सदन में कहता,
कहाँ किसी का अहित हुआ??
उसके गृह-आँगन में जैसे,
शुभद बाल रवि उदित हुआ।।
सब सदस्य उस कुल के कहते,
कॉकरोच शिशु लायक है।
राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों का,
यह तो सिद्धिविनायक है।
कर विनाश यह सदा कहेगा,
कार्य हमारा फलित हुआ।।
उसके गृह-आँगन में जैसे,
शुभद बाल रवि उदित हुआ।।
खानदान की हर रिवाज का,
करता शिशु अनुपालन है।
कुलानुशासन-मर्यादा का,
करता वह संचालन है।
कर विनष्ट वह राष्ट्र-धरोहर,
कहे नहीं कुछ घटित हुआ।।
उसके गृह-आँगन में जैसे,
शुभद बाल रवि उदित हुआ।।






