संवाददाता कन्नौज (उ.प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
पशुपालन व जैविक खाद निर्माण का 12 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
कन्नौज: ग्राम बहेलियन पुरवा, अनौगी स्थित बैंक ऑफ इंडिया द्वारा संचालित स्टार स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र में शुक्रवार को पशुपालन एवं जैविक खाद निर्माण आधारित 12 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। उपायुक्त (स्वतः रोजगार)/जिला विकास अधिकारी राजकुमार लोधी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे 33 प्रतिभागी शामिल हुए।
इस दौरान जिला विकास अधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं और इच्छुक उद्यमियों को पशुपालन व जैविक खाद निर्माण का व्यावहारिक ज्ञान देकर स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है। उन्होंने पशुपालन व्यवसाय में बाजार से जुड़ाव, उत्पादों के बेहतर विपणन और मूल्य संवर्धन के साथ सफल बिजनेस मॉडल की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान बाजार की मांग को ध्यान में रखकर वैज्ञानिक और व्यवसायिक दृष्टिकोण से पशुपालन एवं जैविक खाद निर्माण को आय का मजबूत जरिया बनाया जा सकता है। सरकार और वित्तीय संस्थानों की योजनाओं का लाभ लेकर ग्रामीण युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।






