प्रभारी सम्पादकः पंकज सीबी मिश्रा /राजनीतिक व्यंग्यकार जौनपुर यूपी
व्यंग्य : आज तक के साहित्य में अद्भुद खगोलीय घटना।
साहित्य आज तक में उर्फी जावेद के आगमन पर जो हंगामा मचाए हुए कवि लोग है ना वास्तव में वो कवि नहीं कवि के खाल में सोने के हिरन है जिनको बस ये पड़ी की मुझे क्यों नहीं पूछा आज तक वालों ने, उर्फी वाली जावेद में ऐसा क्या जो पूछी जा रही ! अब मेरे जैसे लोग तो कह रहें साहित्यिक कार्यक्रम में सनी लियोनी, स्वरा , खलीफा या अलानी फलानी को भी ले आओ किसी के बाप का क्या जाता है, कार्यक्रम आज तक का देखने वाली भोजपुरी अश्लील साहित्य के गीत सुनने वाली जनता तो फिर हो हल्ला क्यों मचा रहे हो.! ये वो ही कवि है जो विरोध कर रहे, ऐसे कविवर कविसम्मेलनों में जाकर अपनी सहयोगी कवयित्री को द्रौपदी, चारा, मखमल का टुकड़ा, हनी इत्यादि कहते हैं, और ये कवयित्रियां आयोजकों को लेकर अपनी नजदीकियों, उनके आकर्षण, किसी उम्रदराज को खंडहर, खुद को जाने क्या क्या उपमाएं देती हैं, अजब गजब इशारे करती हैं और द्विअर्थी शब्दों का उपयोग करती हैं । आज तक वाले साहित्य आज तक के तहत प्रसिद्द सुंदरी ऊर्फी जावेद को बुला रहे हैं जिसका टिकट उन्होंने मात्र 499 रु रख दिया बस तब से हंगामा ,अब कल से ही सारे फ्रस्ट्रेटेड टाइप कवि आजतक वालों के पीछे पड़े हुए हैं कि भला ऊर्फी जावेद का साहित्य से क्या लेना देना तो अरे आधुनिक मूर्खों..! सौंदर्य का साहित्य से जो संबंध है वह किसी चीज से नहीं है,जितना साहित्य स्त्रियों की सुंदरता पर रचा गया है उतना कहीं नहीं रचा गया है,जाओ रीतिकाल के कवियों को पढ़ो, बिहारी को पढ़ो और आधुनिक समय में प्रियांशु और पवन सिंह को सुनो, तब ना समझ में आएगा,साहित्य आज तक में अप्सरा उर्फी का आना उतनी ही क्रांतिकारी घटना है, जितना पीडीए का राजनीति में आना, और खेसारी का डांस ना आना जैसा है। अपने आत्मा मे लिओनी का चित्रता धारण करने वाले लोग आज तक से खफा है। साहित्य के क्षेत्र में आज तक का यह योगदान कल तक याद रखा जाएगा। वैसे मुझे उर्फी स्वयं में किसी प्रगतिशील कवयित्री की कविता जैसी लगती हैं। पिछले बिसियों दशक भर में लिखी गयी प्रगतिशील कविताओं का निचोड़ उर्फी अपनी देह पर धारण कर घूमती हैं। सुविधाओं की तमाम मलाई चाटने और लंदन पेरिस घूमने के बाद भी प्रगतिवादी लेखक/कवि जो न कर सके, उर्फी ने वह कर के दिखाया है। उन्हें तो राष्ट्र के हर मंच पर होना चाहिये। आजतक के मंच पर उर्फी और तम्मना का साहित्य 500 रुपये में बिक रहा है, और कुछ घोंचू कहते हैं कि देश में महंगाई है। भाई साहब! यदि तम्मना जी उस मंच पर अपनी कालजयी रचना ‘आंखों से लीजिये’ की प्रस्तुति दे दें, तो उस पर करोड़ों न्योछावर किये जा सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि अब हिन्दी के हर कवि, हर शायर का अंतिम लक्ष्य उर्फी के साथ कविता पढ़ना होगा। हर शायर उर्फी को अपना आदर्श मानेगा, हर कवि उर्फी पर कविता लिखेगा। मैं ऐसे तमाम साहित्यकार टाइप के लोगों को जानता हूं जो जैसे ही किसी सुंदर स्त्री को देखते ही उनके कलेजे से शेर ओये ओये कर बाहर आने लगते हैं, तो इस हिसाब से आजतक वाले बिल्कुल सही कर रहा है, बल्कि मेरा तो कहना है कि 499 रु बहुत कम है, कम से कम पचास हजार से एक लाख का टिकट लगाया जाना चाहिए,भाई लोग पीएफ लोन/मकान दुकान गिरवी रख के जलते हुए अंगारे टाइप साहित्य के सौंदर्य का दर्शन करेंगे। कुछ कवियों ने अपनी बड़ी दुकान सजा रखी है। कविताएं सुनाकर पॉपुलरिटी और मोटा पारिश्रमिक चाहते हैं, तो उनका जलन वाजिब है ।








