डॉ. हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
दोहा गीत
दोहा गीत (चीन के लिए चेतावनी)
भारत की प्रभुता अमिट, नहीं किसी आधीन।
हिंद-सैन्यबल अति सबल, बचकर रहना चीन।।
करो नहीं तुम मूढ़ता, सीमा को मत तोड़।
चाल तुम्हारी अति घृणित, अब ज़िद अपनी छोड़।।
पुनः किया गतिरोध तो, सत्ता लेंगे छीन।
हिंद-सैन्यबल अति सबल, बचकर रहना चीन।।
तेरी शोषण-नीति अब, नहीं करेगी काम।
ऐसी झूठी शान का, होगा काम तमाम।।
सुनो खोल के कान तुम, नहीं हिंद है हीन।
हिंद-सैन्यबल अति सबल, बचकर रहना चीन।।
अब तो तेरी चीन सुन, नहीं गलेगी दाल।
समझ गया यह हिंद अब, तेरी टेढ़ी चाल।।
सीमा-रेखा लाँघ कर, कर न पाप संगीन।
हिंद-सैन्यबल अति सबल, बचकर रहना चीन।।
एक-एक को खींचकर, मारेंगे ये वीर।
समर-कला में अति निपुण, सब सैनिक गंभीर।।
विविध आयुधी-ज्ञान में, सेना प्रबल- प्रवीण।
हिंद-सैन्यबल अति सबल, बचकर रहना चीन।।
तुम लोलुप,अति कुटिल हो, यह तेरी पहचान।
मानवता को त्याग कर, मिथ्या धन-अभिमान।।
मानवता-उपकार ही, हिंद-मूल्य -प्राचीन ।
हिंद-सैन्यबल अति सबल, बचकर रहना चीन।।








