डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
शीत-शोभा
ठिठुरन से भरी शाम जब बर्फीली होती है,
धधकती आँच भी तब आग की शर्मीली होती है।
आसमाँ साफ-निर्मल-स्वच्छ, चाहे रहे जितना-
पर धूप सूरज की भी बड़ी शर्दीली होती है।।
ठिठुरन से भरी शाम…………….।।
कहीं पर खेत सरसों के छटा अद्भुत बिखेरे हैं,
मटर के फूल व फलियाँ मगन खेतों में पसरे हैं।
निकलती सोंधी खुशबू जो फफकते गुड़ कड़ाहों से-
महकती हर दिशा मानो, बड़ी रसीली होती है।।
ठिठुरन से भरी शाम………..।।
टमाटर-मूली-गाजर से धरा-शोभा कहीं बढ़ती,
कहीं गेहूँ की बाली देख, बला हलधर की भी घटती।
शलजम-गोभी-आलू से सजी सीवान यूँ समझो-
बड़ी मन-भावनी, नटखट, अदा छबीली होती है।।
ठिठुरन से भरी शाम…………..।।
कहीं पर क्यारियाँ महकें हरी धनिया व लहसुन से,
कहीं पर खेत सब बिलसें, चुकंदर-गंजी-बैगन से।
हरी मेंथी,हरी पालक व सागा प्याज भी लहरें-
हरे मिर्चे की भी तासीर, बड़ी नशीली होती है।।
ठिठुरन से भरी शाम………….।।
लटकतीं छप्परों से लौकियाँ, मनभावन लगतीं हैं,
हवा सँग अठखेलियाँ करतीं, बड़ी लुभावन लगतीं हैं।
बगल में खेत अरहर का, भरा गदरायी फलियों से-
हँसी फूलों व फलियों की, बड़ी सुरीली होती है।।
ठिठुरन से भरी शाम…………….।।
ताज़ा ईख के रस संग, मटर-मिश्रित-कचालू-दम,
जिसका सेवन करते सब, दोपहर में गरम-गरम।
साथ में चटनी धनिया की हरे लहसुन की खुशबू मस्त-
हरी चटनी बड़ी स्वादिष्ट व चटकीली होती है।।
ठिठुरन से भरी शाम…………….।।
आबो-हवा शरद की, बड़ी ही सेहतमंद होती है,
आती जो इसके बाद, वो ऋतु वसंत होती है।
रहता छुपा जिसमें सदा, एक दीप आशा का-
रौशनी जिसकी सतत चमकीली होती है।।
ठिठुरन से भरी शाम जब बर्फीली होती है।
धधकती आँच भी तब आग की शर्मीली होती है।।









