डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
लेखनी के यशस्वी पुजारी
कालिदास की उपमा उत्तम, बाणभट्ट की भाषा,
तुलसी-सूर-कबीर ने गढ़ दी, भक्ति-भाव-परिभाषा।
मीर व गालिब की गजलों सँग, मीरा के पद सारे-
“प्रेम सार है जीवन का”, कह, ऐसी दिए दिलासा।।
बाणभट्ट की………।।
सूत्र व्याकरण के सब साधे, अपने ऋषिवर पाणिनि,
वाल्मीकि,कवि माघ सकल गुण, पद-लालित्य में दण्डिनि।
कण्व-कणाद-व्यास ऋषि साधक, दे संदेश अनूठा-
ज्ञान-प्रकाश-पुंज कर विगसित, हर ली सकल निराशा।।
बाणभट्ट की………….।।
गुरु बशिष्ठ,ऋषि गौतम-कौशिक, मानव-मूल्य सँवारे,
औषधि-ज्ञानी श्रेष्ठ पतंजलि, रोग-ग्रसित जन तारे।
ऋषि द्वैपायन-पैल-पराशर, कश्यप-धौम्य व वाम-
सबने मिलकर धर्म-कर्म से, जीवन-मूल्य तराशा।।
बाणभट्ट की………….।।
श्रीराम-कृष्ण,महावीर-बुद्ध थे, पुरुष अलौकिक भारी,
महि-अघ-भार दूर करने को, आए जग तन धारी।
करके दलन सभी दानव का, ये महामानव मित्रों-
कर गए ज्योतिर्मय यह जीवन, जला के दीपक आशा।।
बाणभट्ट की……………।।
किए विवेकानंद विखंडित, सकल खेल-पाखंड,
जा विदेश में कर दिए कायम, भारत-मान अखंड।
श्रीअरविंदो ने भी करके, दर्शन का उद्घोष-
भ्रमित ज्ञान-पोषित-मन-जन की, दूर भगाया हताशा।।
बाणभट्ट की……………।।
भारतेंदु हरिश्चंद्र जी, हिंदी-कवि-कुल के गौरव,
उपन्यास-सम्राट प्रेम ने, दिया कहानी को इक रव।
आचार्य शुक्ल,आचार्य हजारी, भाषा-मान बढ़ाए-
पंत-प्रसाद-निराला भी हैं, हिंदी-बाग-सुवासा।।
बाणभट्ट की………….।।
यात्रा के साहित्य-पितामह, बहुभाषाविद राहुल,
बौद्ध-धर्म के अध्येता वे, पंडित महा थे काबिल।
सांकृत्यायन राहुल जी भी, ज्ञान-ध्वज फहराए-
ज्ञान-ज्योति-नव दीप जलाकर, दीप्त किए जिज्ञासा।।
बाणभट्ट की………… ।।
गुप्त मैथिली-दिनकर-देवी, महावीर जी ज्ञानी,
सदानंद अज्ञेय प्रणेता-मुक्त छंद-विज्ञानी।
नीरज-बच्चन गीत-विधाता, सब जन को हैं प्यारे-
प्रखर लेखनी श्री मयंक की, अद्भुत वाग-विलासा।।
बाणभट्ट की————-।।
नग़मा निग़ार चलचित्र-जगत के, सबने नाम किया है,
राही-हसरत-कैफ़ी-मजरूह ने, रौशन पटल किया है।
बख़्शी-अख़्तर-कवि प्रसून, अंजान सहित इंदीवर-
साहिर-शकील-गुलज़ार सभी ने, नूतन गीत तलाशा।।
बाणभट्ट की—————।।
धन्य धरा यह भारत है, जिसने जन्मा इन लोंगों को,
अध्यात्म-ध्यान, कर्तव्य-ज्ञान का, धर्म सिखाया लोंगों को।
ऋषि-मुनि-ज्ञानी-ध्यानी, सबने मान बढ़ाया माटी का-
“”जीवन है अनमोल””तथ्य का, सबने किया खुलासा।।
बाणभट्ट की————–।।









