डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
परिश्रम का फल
सिलसिला ज़िंदगी का न थमता कभी,
ऊँचे अरमाँ अगर दिल में पलते रहें।
रात की कालिमा का न होगा असर-
दीप उम्मीदों के नित गर जलते रहें।।
सिलसिला ज़िंदगी का…………।।
जोश में होश को कभी खोना नहीं,
पग में काँटे चुभें फिर भी रोना नहीं।
प्यार काँटों से मिलता है अद्भुत मगर-
प्रेम की धुन पे गर होंठ हिलते रहें।।
सिलसिला ज़िंदगी का……..।।
प्रेम की डोर को कभी कटने न दो,
बोली-भाषा में अपने को बँटने न दो।
कोशिशें दुश्मनों की भी शर्माएँगीं –
राहे उल्फ़त पे गर यूँ ही चलते रहें।।।
सिलसिला ज़िंदगी का……………।।
ज़िंदगी ग़म-खुशी का है दरिया मग़र,
पार करना इसे बड़ी हिकमत से है।
चंद लम्हों में मंज़िल मलेगी ज़रूर-
फूल जज़्बों के गर दिल में खिलते रहें।।
सिलसिला ज़िंदगी का…………।।
कौन कहता है यह काम मुमकिन नहीं,
जीत मिल जाए ऐसा तो हर दिन नहीं।
करना मुमकिन नामुमकिन को आसान है-
हौसले ज़िंदगी में गर पलते रहें ।।
सिलसिला ज़िंदगी का….………..।।
एक अच्छी समझ दोस्त से कम नहीं
ग़म का मारा वही जिसका हमदम नहीं।
है यकीं ख़ुद पे करना तो अच्छी समझ-
रब करे पल नासमझी के टलते रहें।।
सिलसिला ज़िंदगी का…………..।।
अलविदा रात कह के सुबह देती है,
जूझ कर जोखिमों से फ़तह मिलती है।
धुंध का भी असर कभी होगा नहीं-
कण उजाले के गर उसमें घुलते रहें ।।
सिलसिला ज़िंदगी का……………..।








