डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
गीत (वसंत)
मन में प्रेम हिलोरें लेता,
जब वसंत आ जाता है।
देख भ्रमर को कली चूमते,
जी मेरा ललचाता है।।
कहीं अकेले बैठे सोचूँ,
कब प्रियतम घर आएँगे?
मीठी-मीठी बातें कर के,
मुझको गले लगाएँगे।
पिया-मिलन से प्रेयसि का मन-
अबुझ-अकथ सुख पाता है।।
जी मेरा ललचाता है।।
तार-तार झंकृत हो जाता,
मिलन परम सुख देता है।
ऐसे सुख का,सबको लगता,
मात्र वसंत प्रणेता है।
पागल पवन वसंती बह-बह-
मादकता फैलाता है।।
जी मेरा ललचाता है।।
करें किलोल कली सँग भौंरे,
नदी-मीन इठलाती है।
कोयल कुहू-कुहू जब बोले,
विरह-आग लग जाती है।।
मन कहता अब आ जा साजन-
रह-रह मन बौराता है।।
जी मेरा ललचाता है।
महुआ मादक,मादक अमिया,
वन-उपवन में मादकता।
पशु-पक्षी भी लगते पागल,
मिलन-आस ले उत्सुकता।
पीली-चुनरी ओढ़ धरा का-
रूप बहुत मन भाता है।।
देख भ्रमर को कली चूमते-
जी मेरा ललचाता है।।








