भक्ति भाव से परिपूर्ण गंगोली की होली।

Spread the love

रमाकान्त पन्त।

 

      भक्ति भाव से परिपूर्ण गंगोली की होली।

 

 

ऐसा माना जाता है ब्रज के बाद होली का धूमधड़ाका और कहीं होता है तो कुमाऊं में। यहां भी गंगोली की होली का जबाव नहीं। माता महाकाली के आंगन में गायी जाने वाली होली का रंग तो भक्ति के उत्साह से परिपूर्ण रहता ही है।

उत्तराखण्ड में यूं तो पौष माह के पहले रविवार से ही बैठक होली यानि हारमोनियम, तबला, ढोलक की संगीत की राग-रागिनी आधारित होलियां गाने का सिलसिला शुरू हो जाता है, लेकिन होली की असली शुरूआत बसंत पंचमी से होती है, जब घर-घर पीले रंग में रुमाल रंग जाते हैं। घर की खोली या दरवाजे की चौखट पर गाय के गोबर के सहारे जौ के पौधे की झालर बांधी जाती है और कुरकुरे सुरचादु पुए पकाकर चाव से मिल बांट कर खाये जाते हैं। इस दिन से वातावरण में फागुनी गंध धुलनी शुरू हो जाती है।

बसंत पंचमी से गांव-कस्बों में जगह-जगह होली की रात्रि बैठकें जमनी शुरू हो जाती हैं, जिनमें काफी सहाना, पीलू, धमार आदि रागों पर आधारित होली गीत हारमोनियम, तबले, ढोलक की थाप पर झूम-झूम कर गाये जाते हैं। इस होली गीत को ‘मसिणि होली’ कहा जाता है। इन होलियों के गायक जरूरी नहीं कि संगीत के बाकायदा जानकार ही हों, बस हारमोनियम बजाना और होलियों की तर्ज आना ही काफी होता है। राग की शुद्धता के बजाय सुर-ताल का ख्याल रखते हुए मिलजुल कर मात्र तुकबंदी लगाकर गाने और उसका आनंद उठाने को ही महत्व दिया जाता है। शिवरात्रि तक ‘मसिणि होली’ वाली बैठकों की धूम रहती है।

शिव रात्रि से ‘मसिणि होली’ के अलावा असली पहाड़ी होली गीत, जिन्हें बैठ होली कहा जाता है, गाने का भी सिलसिला शुरू हो जाता है। घर बाखली के पटांगण या मंदिर प्रांगण में धूनी जला कर उसके चारों ओर देर रात तक बैठ होलियां गायी जाती हैं। इसमें होली गाने वाले ‘होलारों’ के दो समूह बंट जाते हैं। एक समूह मुख्य होली गायक जिसे जिलार कहते हैं, के साथ होली की शुरूआत करता है और दूसरा समूह उन्हीं को दोहराता जाता है। होली गायन के साथ ढोलक मजीरों को बजाया जाता है। पहली मीटर होली, सिद्ध विनायक गणपति की महिमा में गायी जाती है।

एक दंत गजो लम्बोद है। 

सिद्ध करत विघ्न हरत, पूजो गणपति देवा।

उसके बाद शिव, राम, कृष्ण आदि देवताओं, देवियों के जीवन चरित्र व लीला पर आधारित होली गीतों का गायन होता है। ढोलकों की ढम-ढम और मंजीरों की छम-छम के साथ जाने वाली बैठक होलियों से समा बंध जाता है। बैठ होली में गांवों के सारे उपस्थित व्यक्ति गाने में सहभागिता करते हैं, जबकि मसिणि होली में गाने बजाने के शौकीन या गा सकने वाले ही भाग लेते हैं।

फाल्गुन शुक्ल पक्ष की एकादशी से होली का वास्तविक रंगमय दौर शुरू होता है, जिसमें गांव के सभी लोग सफेद कपड़े पहन कर उसमें रंग के छींटे डाल कर ही होली में भाग लेते हैं। एकादशी या कहीं-कहीं दशमी को निश्चित मुहूर्त पर लाल व सफेद रंग के ‘निसाण’ (ध्वज) बांधे जाते हैं। जिनके शीर्ष पर मोरपंख, चवर, पुच्छ तथा रंग-बिरंगे रेशमी चीर भी टांके जाते हैं। यह कार्य गांव के प्रधान या मुखिया के आंगन या किसी मंदिर प्रांगण में होता है। निसाण बांधने के बाद होली के सफेद कपड़े पहन कर चलते हुए ठाड़ि होली की खास व आकर्षक विधायें हैं। खड़ी होकर नाचते झूमते हुए गायी व खेली जाने वाली इन होलियों का वास्तविक आनंद प्रत्यक्ष देखकर ही प्राप्त हो सकता है।

एकादशी से रात्रि के अलावा दिन भर की होली खेलने गाने का अंतिम चरण शुरू हो जाता है, जिसमें पूरे गांव के होलारों का दल एकादश से पूर्णमासी तक एक पूर्व निर्धारित क्रम के साथ प्रतिदिन बारी-बारी गांव की हर बाखली, हर घर, गांव बिरादरी के छोटो तोकों तथा सभी देवी-देवताओं के मंदिरों में जाकर होली खेलता है और इसी तरह पांच रातों को भी अलग-अलग बाखलियों के प्रांगणों या कहीं-कहीं मंदिर परिसर में भी होली की रात्रि बैठकें जमती हैं। हर घर या बाखली में पहले ‘ठाड़ि होली’ गायी जाती है। फिर गोल वृत्त में बंजर होता है तथा बैठकर होली गायी जाती है। हर घर में होली के निसाणों की आरती भेंट होती है, होलारों पर रंग छिड़का जाता है। अबीर गुलाल लगाया जाता है तथा गुड़ की डली, सौंप सुपारी, बीड़ी-सिगरेट से होलारों या हुरियारों का सत्कार किया जाता है। एक स्थान से दूसरे स्थान पर होते हुए आगे-आगे लाल, सफेद निसाण, उसके पीछे नगरा, दमुवा, झांझर, तुरही आदि लोक वाद्य बजाने वालों के साथ छोलिया नृतक और पीछे-पीछे होलयारों का समूह चलता है। दिन की इस रंग से भरी होली के बाद रात की बैठकों में भी बैठ होली और मसिणी होली के गायन के साथ स्वांग भड़ैती के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। धार्मिक-पौराणिक स्थलों पर संबंधित इलाके, पट्टी, गांवों की होलियों का निर्धारित क्रम से आगमन होता है। उस दिन इन स्थलों पर अद्भुत होली मेले का दृश्य पैदा हो जाता है। इन पांच दिनों में इलाके की हर घाटी ढोल नगाड़ों, ढोलक की थाप और होली गीतों से गुुंजायमान रहती है। पूरे पांच दिन हर व्यक्ति दुःख-सुख भुलाकर होली के रंग में मगन हो जाता है।

पूर्णमासी की रात्रि को निश्चित मुहूर्त पर होली के निसांण खोल दिये जाते हैं। यह होली की अंतिम रात्रि होती है। विदा और विसर्जन की अंतिम होली और फिर ‘हो-हो होलक रे, आज का बसंता कैसा घरा’ के आशीर्वचनों व बोलों के साथ होली पर्व का समापन होता है।  (विभूति फीचर्स)

  • Related Posts

    नज्म

    Spread the love

    Spread the love    राजेन्द्र रंजन गायकवाड                                               (सेवा…

    बालमन को लुभाने वाली मनोरंजक एवं संवेदनशील कविताओं से सजी पठनीय कृति ‘प्रज्ञान’।

    Spread the love

    Spread the love  ✍️  डा. सत्यवान सौरभ                                               …

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    • By User
    • November 9, 2026
    • 9 views
    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    नज्म

    • By User
    • November 9, 2026
    • 25 views
    नज्म

    कर्मफल (भाग 25)

    • By User
    • November 9, 2026
    • 14 views
    कर्मफल  (भाग 25)

    नवम्वर‌ राज्य स्थापना के बाद भी पर्वतीय विकास की उपेक्षा, राज्य सरकारों पर उत्तराखंड लोक वाहिनी ने उठाए सवाल।

    • By User
    • November 9, 2026
    • 10 views
    नवम्वर‌ राज्य स्थापना के बाद भी पर्वतीय विकास की उपेक्षा, राज्य सरकारों पर उत्तराखंड लोक वाहिनी ने उठाए सवाल।

    26वें राज्योत्सव पर राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, विकास पुस्तिका “सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान” का हुआ विमोचन।

    • By User
    • November 9, 2026
    • 7 views
    26वें राज्योत्सव पर राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, विकास पुस्तिका “सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान” का हुआ विमोचन।

    उत्तराखंड स्थापना दिवस पर ऊखीमठ में शहीदों को दी श्रद्धांजलि

    • By User
    • November 9, 2026
    • 15 views
    उत्तराखंड स्थापना दिवस पर ऊखीमठ में शहीदों को दी श्रद्धांजलि