डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
दोहे (होली)
होली के हुडदंग में, खो मत देना होश।
प्रेम-भाव-सद्भाव का, बना रहे नित जोश।।
विविध रंग मिल एक हों, ऐसी होली-सीख।
तजो वर्ण के भेद को,भर मिठास जिमि ईख।।
रंगों के इस पर्व पर, होता हर्ष अपार।
शत्रु-भाव का त्याग ही, है होली का सार।।
हँसी-ठिठोली से सजा, फगुआ जैसा गीत।
गाते सब जन साथ में, बनकर सच्चा मीत।।
खा कर मधु मिष्ठान्न जन, करते मीठी बात।
नाचें-गाएँ झूमकर, पुलकित हिय-मन-गात।।








