डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
कुण्डलिया
कामी को संसार यह, लगता मिस्री-घोल।
सुमुखी नारि निहारि मन, उसका जाए डोल।।
उसका जाए डोल, वासना बहुत सताए।
जिसका ओर न छोर, चित्त उसका घबराए।।
कहें मिसिर हरिनाथ, वासना दे बदनामी।
काम-वासना पाप, अघी होता है कामी।।
लगता सुंदर हो भले, पर मिथ्या संसार।
जो दिखता वो है नहीं, है असत्य आकार।।
है असत्य आकार, आज-कल नहीं ठिकाना।
केवल इतना सत्य, लगा है आना-जाना।।
कहें मिसिर हरिनाथ, यहाँ बस धोखा पलता।
रहना है दिन चार, भले जग अपना लगता।।








