डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
अष्टावक्र गीता-10
अद्वैती नर हो जिसे, मोक्ष-अर्थ का ज्ञान।
काम-वासना लिप्त यदि, विस्मय यही महान।।
काम-वासना ज्ञान-रिपु, यदि रह अंतिम काल।
है अशक्त,आश्चर्य यह, जाय काल के गाल।।
विरत लोक-परलोक से, ज्ञानी नित्य-अनित्य।
यदि डरता है मोक्ष से, है यह अचरज कृत्य।।
सुबुध आत्म-दर्शी पुरुष, रहता एक समान।
भोजन अथवा दुख मिले, तोष-रोष सम जान।।
कार्यशील निज देह इव, पर-तन जो नर जान।
महापुरुष वह जगत में, परे मान-अपमान ।।








