ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
गांवों में सोलर लाइटें लगाएगा वन विभाग ।
अल्मोड़ाः सर्दी का मौसम आते ही तेंदुओं का आबादी की ओर आने का क्रम तेजी से बढ़ने लगा है। बृहस्पतिवार को नानकमत्ता और बागेश्वर में दो बच्चियों को तेंदुए के निवाला बना लेने की घटनाओं को देखते हुए अल्मोड़ा जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। लोगों को अपने घरों और सार्वजनिक रास्तों के आसपास अति सतर्कता बरतने, बिजली की प्रर्याप्त व्यवस्था रखने का आग्रह किया गया है। वन विभाग गांवों में इसके लिए सोलर लाइटें लगाएगा।
अब तक वन विभाग के अधिकारी दीवाली पर शिकारियों से वन्यजीवों को खतरा मानकर उनसे निपटने की रणनीति बना रहे हैं। इसके लिए अतिरिक्त टीमें भी बनाई गई हैं लेकिन इसी बीच जंगली जानवरों का आतंक काफी बढ़ गया है।
सिविल सोयम वन विभाग के डीएफओ प्रदीप धौलखंडी ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि इस समय जंगली जानवरों, खासकर तेंदुए को लेकर संवेदनशीलता बढ़ी है। इसलिए सतर्कता बरती जा रही है। वन प्रभाग अपने क्षेत्र में जागेश्वर और कनालीछीना के गांवों में लोगों को सुरक्षा के लिए सोलर लाइटें भी उपलब्ध कराएगा।







