स्वदेशी का स्वाद औऱ नेताओं का सूट बूट ?

Spread the love

 

प्रभारी सम्पादक (मध्य प्रदेश): राजेन्द्र सिंह जादौन।

 

 

स्वदेशी का स्वाद औऱ नेताओं का सूट बूट ?

 

 

 

हमारे प्रधानमंत्री जी ने बड़ी आत्मीयता से जनता से निवेदन किया “स्वदेशी अपनाओ, देश को आत्मनिर्भर बनाओ।” कितनी प्यारी बात है! हमें भी गर्व हुआ। हमने सोचा – चलो भाई, अब हम सब मिलकर देश को आत्मनिर्भर बना देंगे। लेकिन तभी टीवी स्क्रीन पर नज़र पड़ी प्रधानमंत्री जी विदेशी ब्रांड के सूट में चमचमाते हुए हमें स्वदेशी अपनाने का पाठ पढ़ा रहे थे. मैंने सोचा “अरे वाह! ये तो कमाल है। गुरुजी का प्रवचन है ‘सादा जीवन उच्च विचार’, लेकिन पहनावा है ‘महंगा जीवन, ऊंचा ब्रांड’।”

 

अब सवाल उठता है कि जब नेता जी स्वदेशी अपनाने की बजाय विदेशी ब्रांड का शो-ऑफ कर सकते हैं, तो हमें क्यों नहीं करना चाहिए? लेकिन रुको, हमें तो ईमानदार नागरिक होना है। हम स्वदेशी अपनाएंगे। और अपनाया भी। मैंने उसी दिन कसम खाई अब से मैं गेहूं की रोटी नहीं खाऊंगा।

 क्यों?

क्योंकि गेहूं भी अब महंगा हो गया है, और विदेशी कंपनियों की पैकेजिंग में मिलने लगा है।

मैंने कहा – “चलो, अब आज़ाद भारत में आज़ाद ज्वार की रोटी खाऊंगा।” क्योंकि ज्वार सच में देसी है, और गरीबों का साथी है।

 

लेकिन एक बात बताओ…जब हमारे नेता स्वदेशी की बात करते हुए विदेशी गाड़ियों में घूमते हैं, विदेशी ब्रांड की घड़ी पहनते हैं, विदेशी कपड़ों में चमकते हैं, तो ये कैसी आत्मनिर्भरता है? क्या ये आत्मनिर्भरता सिर्फ जनता के लिए है और नेता जी के लिए इम्पोर्टेड लाइफस्टाइल का खुला लाइसेंस? या फिर ये नारा सिर्फ वोटों के लिए है और असल जिंदगी में ‘स्वदेशी’ सिर्फ चुनावी भाषण का जुमला है?

 

याद है ना वो एक सूट जिस पर नेता जी का नाम ही कढ़ा हुआ था? वो भी विदेशी फैब्रिक पर। उस सूट की कीमत सुनकर गरीब किसान तो तीन बार बेहोश हो गया था। क्योंकि उसकी पूरी जिंदगी की फसल बेचने पर भी उतने पैसे नहीं मिलते। पर ये सब देखकर मैंने सोचा भाई, गलती हमारी है। हम क्यों उम्मीद कर रहे हैं कि जो नेता स्वदेशी का उपदेश दे रहा है, वो खुद भी अपनाएगा?

नेताओं का काम है उपदेश देना, और जनता का काम है उसे मानना।मतलब “आप सुनो और अपनाओ, हम सिर्फ बोलेंगे और पहनेंगे जो हमें सूट करता है।”

 

अब आते हैं जनता पर।

हमारे मोहल्ले का शर्मा जी कहते हैं “भाई साहब, हम तो अब से सिर्फ देसी चीज़ें लेंगे।”

मैंने पूछा “अच्छा शर्मा जी, ये जो हाथ में मोबाइल है, ये किसका है?”

कहते हैं “अरे ये तो अमेरिकन ब्रांड का है।”

फिर मैंने कहा “अच्छा, घड़ी?”

कहते हैं “स्विस।”

अरे भाई, तुम्हारा स्वदेशी प्रेम भी नेताओं की तरह आधा-अधूरा है।

बोलना सबको अच्छा लगता है, करना मुश्किल है।

मगर मैंने सच में कर दिखाया।

मैंने कहा अब से मैं ज्वार की रोटी खाऊंगा।

बाजार गया, ज्वार लिया, घर आया।

बीवी ने पूछा “अरे गेहूं क्यों नहीं लाए?”

मैंने कहा – “क्योंकि प्रधानमंत्री जी ने स्वदेशी अपनाने को कहा है।”

बीवी बोली “अरे बुद्धू, गेहूं भी तो देसी है।”

मैंने कहा “पर वो पैकिंग में आता है, उस पर विदेशी कंपनी का नाम लिखा होता है। मैं नहीं खाऊंगा।”

बीवी ने कहा “ठीक है, फिर दाल भी छोड़ दो, क्योंकि वो भी अब ऑर्गेनिक पैकेट में आती है।”

 

सच बताऊं, ये स्वदेशी अपनाना इतना आसान नहीं है।

अगर आपको सच में 100% स्वदेशी अपनाना है, तो सबसे पहले आपको स्मार्टफोन फेंकना पड़ेगा।

सोशल मीडिया छोड़ना पड़ेगा।

टीवी बंद करना पड़ेगा।

यहां तक कि जो गाड़ी आप चला रहे हो, उसका इंजन भी शायद बाहर से आया होगा।

मतलब – “स्वदेशी अपनाओ” का मतलब है कि आपको वापस बैलगाड़ी, मिट्टी का चूल्हा और खटिया वाली जिंदगी में जाना होगा।

क्या हम इसके लिए तैयार हैं?

शायद नहीं। लेकिन बोलने में मज़ा है “हम स्वदेशी अपनाएंगे।”

 

सरकार ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ का नारा दिया।

वाह! कितना सुंदर नारा है। लेकिन नारे से पेट नहीं भरता, नारे से नौकरी नहीं मिलती। अगर असली स्वदेशी चाहिए, तो हमें टेक्नोलॉजी, रिसर्च, मैन्युफैक्चरिंग में काम करना होगा। लेकिन वहां हम क्यों जाएंगे?

हमें तो सिर्फ भाषण और इमोशनल नारे चाहिए।

 

तो मैंने सोचा – चलो, कम से कम खाने में तो स्वदेशी अपनाऊं। इसलिए आज भी मेरी थाली में ज्वार की रोटी है। पर जैसे ही ये फेसबुक पोस्ट डालता हूं, मैं भी विदेशी मोबाइल और विदेशी इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहा हूं।

मतलब “हम सब स्वदेशी के भक्त हैं, लेकिन विदेशी के बिना जीवन नहीं।”

 

नेताओं का स्वदेशी ऐसा है जैसे विदेशी गाड़ी में बैठकर योग दिवस का संदेश देना। जनता का स्वदेशी ऐसा है जैसे इंस्टाग्राम पर वोकल फ़ॉर लोकल लिखकर विदेशी ब्रांड के कपड़े पहनकर फोटो डालना। और मेरा स्वदेशी ऐसा है मैंने गेहूं छोड़ा, ज्वार अपनाया, लेकिन फेसबुक पर पोस्ट डालने के लिए मैं आज भी विदेशी ऐप का गुलाम हूं।

 

सच यही है स्वदेशी अब सिर्फ नारे में है, जिंदगी में नहीं। क्योंकि हम सबको स्वदेशी चाहिए, लेकिन विदेशी स्टाइल में।

  • Related Posts

    कर्मफल (भाग 26)

    Spread the love

    Spread the love  राजेन्द्र रंजन गायकवाड                                            (सेवा निवृत जेल…

    डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।

    Spread the love

    Spread the love  ब्यूरोः  (नया अध्याय, उत्तराखण्ड)          डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।   साहित्यिक साधना,…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    कर्मफल (भाग 26)

    • By User
    • November 10, 2026
    • 8 views
    कर्मफल (भाग 26)

    डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।

    • By User
    • November 10, 2026
    • 14 views
    डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।

    जब-जब रावण आता है, तब-तब राम भी आते हैं!

    • By User
    • November 10, 2026
    • 11 views
    जब-जब रावण आता है, तब-तब राम भी आते हैं!

    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    • By User
    • November 9, 2026
    • 11 views
    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    नज्म

    • By User
    • November 9, 2026
    • 25 views
    नज्म

    कर्मफल (भाग 25)

    • By User
    • November 9, 2026
    • 15 views
    कर्मफल  (भाग 25)