ब्यूरो मध्य प्रदेशः प्रेरणा गौतम।
(लेखक एक मान्यता प्राप्त पत्रकार है साथ ही साईबर लॉयर एवं साईबर एक्सपर्ट)
गाली की रहस्यकथा अपराधी गुमनाम, फायदा आम।
राजनीति का मौसम बदल रहा है, और चुनावी हवा में गालियों की खुशबू फैल चुकी है। लेकिन इस बार गाली का मामला कुछ खास है, क्योंकि गाली का निशाना कोई आम इंसान नहीं, बल्कि देश के माननीय नॉन-बायोलॉजिकल प्रधानमंत्री जी की माताजी हैं। हाँ, वही माताजी, जिन्हें गाली देने की साजिश ने पूरे देश को भावनाओं के दलदल में धकेल दिया है।
अब सवाल उठता है गाली किसने दी? कब दी? कहाँ दी? किस भाषा में दी? क्या गाली में व्याकरण सही था? ये सब उतना ही रहस्यमय है जितना अच्छे दिनों का असली पता।
मजेदार बात ये है कि जिस मंच पर यह कथित गाली दी गई, वहाँ मीडिया का मेला लगा हुआ था। कैमरे थे, माइक थे, सोशल मीडिया पर लाइव अपडेट थे। फिर भी गाली का वीडियो गायब है। गाली का ऑडियो भी नहीं। मतलब मामला इतना रहस्यमय है कि शेक्सपीयर भी शरमा जाए। अगर वो वीडियो वायरल हो जाता, तो वोट बैंक का शेयर मार्केट ऊँचाई पर होता। पर अफसोस, वीडियो का न आना उतना ही दुखद है जितना नोटबंदी के समय 2000 का नोट गायब हो जाना।
कहा जा रहा है कि गाली देने वाले ने माफी भी माँग ली और एफआईआर भी दर्ज हो गई। यानी केस सुलझ गया, लेकिन अपराधी अब भी गुमनाम है। यह गुमनामी भी राजनीति के स्क्रिप्ट राइटर की मास्टरपीस है। जनता के दिमाग में एक ही सवाल
“भाई, आखिर गाली दी किसने?”
जवाब वही पुराना “पता नहीं।”
लेकिन सच्चाई जानने में किसे दिलचस्पी है? यहाँ गाली भी वोटबैंक में बदल सकती है। और राजनीति में यह खेल नया नहीं। पहले गाय, फिर गंगा, फिर मंदिर और अब माँ। क्योंकि भावनाओं से बड़ा कोई चुनावी हथियार नहीं।
राजनीति का पहला नियम है भावना बेचो, तर्क मत दो।”
आजकल राजनीति शतरंज नहीं, बल्कि जुआ है। यहाँ हर पत्ता वही खोलता है जो सबसे ज्यादा आँसू और ताली दिला सके। मातृ-भावना से बड़ा तुरुप का इक्का और क्या होगा?
अब गाली हवा में दी गई हो, आईने को दी गई हो या दीवार को, इससे फर्क नहीं पड़ता। फर्क इस बात से पड़ता है कि इसे भावनाओं के स्टॉक मार्केट में कब और कैसे बेचा गया।
गाली यहाँ अपराध नहीं, बल्कि निवेश है। गाली दो, गाली खाओ, गाली बेचो और देखो कैसे सत्ता के गलियारों में सीटें खिलती हैं। चुनावी मौसम में गालियाँ फूल की तरह खिलती हैं। कभी विपक्ष पर बरसाई जाती हैं, कभी जनता के नाम पर रोई जाती हैं। और जब बात माँ की आ जाए, तो राजनीति के सारे कार्ड पलट जाते हैं।
आज का राजनीतिक खेल बहुत सरल है अगर कोई नेता गाली खाता है तो ˈसिम्पथ़ि वेव आ ही जाती है,और यदि कोई नेता गाली देता है तो वायरल फेम ?
और अगर गाली किसी की माँ को दी जाए तो भावनाओं का सुनामी ही आ जाये, जो वोटों में तब्दील हो जाए।
मीडिया भी इस खेल में बराबर का भागीदार है। टीवी डिबेट्स में अब असली मुद्दे गायब हैं। सही बात है गाली दी गयी, बेहद शर्मनाक लेकिन किसने गाली दी,न वीडियो उपलब्ध कराई मीडिया ने??
लेकिन असली सवाल यह है कि जनता हर बार इस जाल में फँसती क्यों है? क्योंकि इस देश में राजनीति नहीं होती, बल्कि भावनाओं की नीलामी होती है। हर चुनाव में नया इमोशनल पैकेज लॉन्च होता है। कभी धर्म, कभी जाति, कभी सेना, और अब माँ।
माँ वह शब्द जो सबसे पवित्र है, सबसे सम्मानित है। लेकिन राजनीति ने इसे भी वोटबैंक के डिब्बे में डाल दिया। चुनावी मंचों पर मातृ-भावना का कार्ड खेलना इतना सामान्य हो गया है कि अब यह भी एक चुनावी स्टंट जैसा लगता है।
गाली की यह रहस्यकथा हमें सिखाती है कि इस देश में गाली देना और खाना दोनों फायदे का सौदा है। गाली अब सिर्फ शब्द नहीं रही, यह एक टूल है। एक हथियार है। एक पॉलिटिकल स्ट्रेटेजी है। गाली की ताकत इतनी है कि यह मुद्दों को गायब कर सकती है। गाली के शोर में महंगाई की चीख दब जाती है। गाली की हेडलाइन में बेरोजगारी की खबर दफन हो जाती है। और सबसे बड़ा कटाक्ष यह है कि गाली देने वाला गुमनाम है, पर फायदा सबको पता है कि किसे हुआ। शायद यही वजह है कि राजनीति में पारदर्शिता कभी नहीं आती, क्योंकि यहाँ सारा खेल धुंध में खेला जाता है।
राजनीति में गाली अपराध नहीं, बल्कि एक निवेश है फायदा तुरंत मिलता है, नुकसान कभी नहीं।”






