संवाददाता आगर मालवाः गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय)
जिला पंचायत उपचुनाव 29 दिसंबर को मतदान……मतगणना 2 जनवरी 2026 को होगी।
आगर मालवाः जिले में जिला पंचायत वार्ड क्रमांक 1 का उपचुनाव अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है. प्रशासन ने मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. 29 दिसंबर को होने वाले मतदान के लिए 87 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 48,157 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इसमें मतगणना 2 जनवरी 2026 को होगी. यह उपचुनाव सिर्फ एक वार्ड तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका राजनीतिक महत्व कहीं अधिक माना जा रहा है. वजह यह है कि यह चुनाव ऐसे समय हो रहा है, जब सभी प्रमुख दल आने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति को जमीन पर परखना चाहते हैं. प्रशासनिक स्तर पर निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आगर मालवा उपचुनाव में कल मतदान होगा।
इस उपचुनाव को खास बनाने वाली बात यह है कि यह सीट पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायणसिंह के निधन के बाद रिक्त हुई थी। जैसे ही उपचुनाव की घोषणा हुई, वैसे ही सुसनेर–सोयत क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। कांग्रेस ने जहां शुरुआती बढ़त लेते हुए अपने अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा कर दी, वहीं भाजपा लंबे समय तक निर्णय नहीं ले सकी। इसी असमंजस ने चुनाव को दिलचस्प बना दिया. अब स्थिति यह है कि मुकाबला सिर्फ कांग्रेस बनाम भाजपा नहीं, बल्कि भाजपा के अंदरूनी गुटों के बीच भी खुलकर नजर आ रहा है. यही वजह है कि यह उपचुनाव पूरे जिले की राजनीति का तापमान बढ़ा रहा है।
मतदान से पहले प्रशासनिक तैयारियां पूरी मतदान से एक दिन पहले 28 दिसंबर को सुसनेर स्थित आईटीआई कॉलेज परिसर से मतदान सामग्री का वितरण किया गया. सुबह से ही मतदानकर्मी कॉलेज परिसर में पहुंचे. ईवीएम, वीवीपैट और अन्य जरूरी सामग्री लेकर मतदान दल अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए. करीब 500 से अधिक मतदानकर्मियों को इस प्रक्रिया में तैनात किया गया है. प्रशासन ने स्ट्रांग रूम से लेकर मतदान केंद्र तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर खास फोकस
शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपचुनाव की अहम तारीखें। बुलेट पॉइंट मतदान की तारीख: 29 दिसंबर मतदान समय: सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक
मतगणना: 2 जनवरी 2026
कुल मतदान केंद्र: 87
कुल मतदाता: 48,157
सियासी मुकाबला हुआ त्रिकोणीय इस उपचुनाव में कुल चार प्रत्याशी मैदान में हैं. इनमें एक कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार और तीन अन्य प्रत्याशी शामिल हैं. भाजपा अधिकृत प्रत्याशी घोषित नहीं कर सकी, जिसके चलते पार्टी के दो गुट आमने-सामने आ गए हैं. एक गुट कालूसिंह सिसौदिया के समर्थन में सक्रिय है, जबकि दूसरा गुट मथुराबाई मोहनसिंह गुंदलावदा के पीछे मजबूती से खड़ा है. इस कारण चुनाव कांग्रेस बनाम भाजपा से आगे बढ़कर कांग्रेस बनाम भाजपा बनाम भाजपा बन गया है.
कांग्रेस विधायक भैंरूसिंह परिहार की चुप्पी से हलचल
कांग्रेस ने कैलाश पाटीदार को अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर संगठनात्मक एकजुटता दिखाने की कोशिश की है. जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजयालक्ष्मी तंवर सक्रिय रूप से प्रचार में जुटी रहीं. हालांकि, सुसनेर के कांग्रेस विधायक भैंरूसिंह परिहार की चुप्पी ने राजनीतिक हलकों में सवाल खड़े किए हैं. माना जा रहा है कि यह उपचुनाव कांग्रेस के भीतर भी भविष्य की सियासत का संकेत दे रहा है.
सामाजिक समीकरण और पुरानी राजनीतिक रंजिश
सुसनेर विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक समीकरण भी इस चुनाव को रोचक बना रहे हैं. भाजपा के दोनों गुटों के उम्मीदवार सौंधिया समाज से आते हैं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी पाटीदार समाज से हैं. वर्ष 2013 और 2018 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के दो दिग्गज नेता एक-दूसरे को शिकस्त दे चुके हैं. यही पुरानी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता इस उपचुनाव में भी असर दिखा रही है. हालांकि यह चुनाव जिला पंचायत के एक वार्ड का है, लेकिन इसके नतीजे आने वाले विधानसभा चुनाव की दिशा तय कर सकते हैं. भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी और कांग्रेस की रणनीति दोनों के लिए यह उपचुनाव अग्निपरीक्षा माना जा रहा है. अब सबकी निगाहें 29 दिसंबर के मतदान और 2 जनवरी को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।






