डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या।
(नया अध्याय, देहरादून)
नैन (सजल)
समांत-आरे
पदांत–लगते हैं
मात्रा-भार–26
नैन तुम्हारे सजनी प्यारे-प्यारे लगते हैं,
जो देखे लुट जाए कितने न्यारे लगते हैं।।
बिना बाण के प्रेमी-हृद का छेदन करते हैं,
शमशीरों की तेज धार को धारे लगते हैं।।
रति-अनंग का तेज लिए,विरह-वेदना देते,
मिलन अयोग्य ये सरिता के किनारे लगते हैं।।
चंचल-छलिया इतने हैं,नहीं किसी पे टिकते,
रवि-किरणों के जैसे सबपे वारे लगते हैं।।
अद्भुत गुण से पोषित ये, दोनों नैन तुम्हारे,
प्रकृति-न्यायप्रिय-भावों से सँवारे लगते हैं।।
देवों जैसे विमल नेत्र द्वय,छवि निर्मल धारे,
बादल रहित गगन के चाँद-सितारे लगते हैं।।
सायक कुसुम चला अनंग जब घायल करता है,
घायल मन के नैना,नेक सहारे लगते हैं।।
सहारा एक दूसरे का
सम्बंधों के बंध न छूटें,
आओ, कुछ पल संवाद करें।
एक सहारा बन दूजे का-
मानव-जीवन आबाद करें।।
जीवन-सरिता बहती जाए,
जल की धार न रुकने पाए।
स्नेह-नीर को सतत बहा कर-
अनुराग-गीत का नाद करें।।
मानव-जीवन आबाद करें।।
राग-द्वेष-संघर्ष जातिगत,
सोच से मुक्ति पा लेना है।
बना सहारा प्रेम-डोर को-
नहीं कोई अब फ़साद करें।।
मानव-जीवन आबाद करें।।
जीवन मिला भाग्य से जग में,
अनुपम सृष्टि धरा की मानव।
श्रेष्ठ प्राणियों का राजा ये-
इसको न कभी बरबाद करें।।
मानव-जीवन आबाद करें।।
परोपकार सुधर्म जगत में,
सबसे बड़ा यही शुभ चिंतन।
अपनी वसुधा सकल एक कुल-
आ, देश सभी आज़ाद करें।।
मानव-जीवन आबाद करें।।
भूल भुलाकर कटुता सारी,
कहें अलविदा अब रिपुता को।
करें सफल यह जीवन अपना-
कुछ न कभी भी प्रतिवाद करें।।
मानव-जीवन आबाद करें।।






