एमडी ड्रग्स कांड: सीबीएन की कार्रवाई के बाद ही क्यों जागी आगर पुलिस?

Spread the love

 

संवाददाता आगर मालवा: गोवर्धन कुम्भकार

 

                       (नया अध्याय)

 

 

 

एमडी ड्रग्स कांड: सीबीएन की कार्रवाई के बाद ही क्यों जागी आगर पुलिस?

 

बर्बादी की राह पर युवा पीढ़ी : सुसनेर में स्मैक ओर एमडी की बढ़ती पहुच ने उजाड़े कई घर, मादक पदार्थो की मंडी बना क्षेत्र, बाहरी एजेंसियां खोल रही बड़े राज, एक नजर स्थानीय पुलिस की ओर।

 

 

 

               आगर मालवा: जिले में नशे के कारोबार का अब तक का सबसे बड़ा खुलासा 10 जनवरी को केंद्रीय एजेंसी सीबीएन ने किया था, कोतवाली थाना क्षेत्र के आमला में नर्सरी और फार्म हाउस की आड़ में चल रही MD ड्रग्स फैक्ट्री पर सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स ने छापा मारकर 31 किलो 250 ग्राम MD ड्रग्स सहित केमिकल, मशीन और अन्य सामग्री जब्त की जिसके बाद पूरे प्रदेश में हल्ला मच गया और आगर मालवा का नाम सुर्खियों में दिखने लगा। जब्त ड्रग्स की देशी बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपए, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 50 करोड़ रुपए से अधिक बताई गई, जिसके बाद इसे नशे के खिलाफ क्षेत्र की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना गया।

 

आमला की फैक्ट्री किसी एक घटना का हिस्सा नहीं, बल्कि एक बड़े अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क की अहम कड़ी थी।

 

आमला नर्सरी में जिस जगह एमडी ड्रग्स का निर्माण हो रहा था, वहां मशीनें लगी थीं, केमिकल्स का भंडारण था और पूरी प्रोसेसिंग लाइन सक्रिय थी। यह सब कुछ रातों-रात नहीं खड़ा हुआ होगा। इसके लिए जमीन, पैसा, संरक्षण और एक मजबूत सप्लाई चैन चाहिए थी। इसके बावजूद सीबीएन की अब तक की कार्रवाई सिर्फ वहां काम करने वाले मजदूरों तक ही सिमटी हुई है।

 

 किसके नाम थी जमीन –

 

सबसे अहम सवाल उस जमीन को लेकर है, जिस पर यह फैक्ट्री चल रही थी। वह जमीन आखिर किसके नाम दर्ज है, यह आज तक सार्वजनिक नहीं किया गया। जमीन का मालिक कौन है, उसने नर्सरी के नाम पर जमीन क्यों दी, और क्या उसे वहां चल रही गतिविधियों की जानकारी नहीं थी, इन सवालों के जवाब जांच का आधार होने चाहिए थे। लेकिन हैरानी की बात यह है कि न जमीन मालिक आरोपी है, न उसका नाम जांच में सामने लाया गया।

 

अगर जमीन मालिक निर्दोष है तो उसका नाम छुपाया क्यों जा रहा है, और अगर वह दोषी है तो कार्रवाई क्यों नहीं हो रही, यह चुप्पी खुद में कई शक पैदा करती है।

 

इसी तरह फैक्ट्री के असली मालिक को लेकर भी स्थिति बेहद संदिग्ध बनी हुई है। अब तक जिन लोगों को आरोपी बनाया गया है, वे सभी मजदूर हैं। मजदूर, जो आदेश मानते थे, मशीन चलाते थे और दिए गए निर्देशों के अनुसार काम करते थे। लेकिन सवाल यह है कि क्या मजदूरों के दम पर एमडी ड्रग्स जैसी खतरनाक सिंथेटिक ड्रग की फैक्ट्री खड़ी हो सकती है?

 

केमिकल्स कहां से आए, मशीनरी किसने खरीदी, करोड़ों का निवेश किसने किया और तैयार माल की सप्लाई राजस्थान सहित अन्य राज्यों तक कैसे पहुंची, इन सवालों का जवाब मजदूर नहीं हो सकते। इसके बावजूद मजदूरों से ऊपर एक भी नाम अब तक आरोपी सूची में नहीं जोड़ा गया है। कार्रवाई के बाद यह उम्मीद जगी थी कि अब जांच तेज होगी, नए नाम सामने आएंगे और नेटवर्क की जड़ तक पहुंचा जाएगा। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि आगे की कार्रवाई लगभग ठहरी हुई नजर आ रही है। न नई गिरफ्तारियां, न संपत्ति जब्ती, न ही फैक्ट्री से जुड़े बड़े किरदारों पर कोई ठोस कदम।

 

 कोतवाली थाना प्रभारी पर क्यो मेहरबान है एसपी—–

 

इस पूरे मामले में कोतवाली थाना प्रभारी की भूमिका भी लगातार सवालों के घेरे में है? कोतवाली पुलिस का खुफिया तंत्र पूरी तरह फेल साबित हुआ। यह मानना मुश्किल है कि इतने बड़े अवैध कारोबार की भनक तक स्थानीय पुलिस को न लगे। अब सवाल यह है कि क्या कोतवाली पुलिस को सब कुछ पता होने के बावजूद अनदेखा किया गया ? या फिर वास्तव में खुफिया तंत्र इतना कमजोर है कि इतने बड़े ड्रग तस्करी नेटवर्क की किसी को खबर तक नहीं हुई ? दोनों ही स्थितियां गंभीर हैं और सीधे जवाबदेही तय करने की मांग करती हैं।

 

इसके बावजूद आज तक कोतवाली थाना प्रभारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। यहीं से आगर मालवा के पुलिस अधीक्षक की भूमिका पर भी सवाल खड़े होते हैं। जब हाल ही में रतलाम में इसी तरह की कार्रवाई हुई, तो वहां के पुलिस अधीक्षक ने बिना देरी किए थाना प्रभारी को हटा दिया। माचलपुर में ड्रग फैक्ट्री पर हुई कार्रवाई के बाद भी थाना प्रभारी को हटाया गया और जिम्मेदारी तय की गई।

 

 तो फिर आगर मालवा में अलग मापदंड क्यों?

आज एमडी ड्रग्स कांड केवल नशे की फैक्ट्री तक सीमित नहीं रह गया है। यह मामला अब जमीन मालिकों, फैक्ट्री मालिकों, अंतर्राज्यीय नेटवर्क और पुलिस की कार्यशैली तक पहुंच चुका है। जब तक इन सभी सवालों के जवाब नहीं मिलते, तब तक यह कहना गलत नहीं होगा कि आमला नर्सरी की फैक्ट्री का पूरा सच अभी सामने आना बाकी है। सीबीएन की कार्रवाई के बाद अपने हाथों से अपनी पीठ थपथपाने वाली आगर पुलिस को अपनी साख बचाने की चिंता सताने लगी। ताबड़तोड़ नशे के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई जैसे कोई अलादीन का चिराग हाथ लगा और तस्करों की जानकारियां सामने आने लगी। 17 जनवरी को कानड़ मार्ग से 62 किलो गांजा पकड़ लिया, 18 जनवरी को ड्रग कांड में करीब चार माह से फरार चल रहा भाजपा नेता राहुल आंजना भी पकड़ में आ गया, 20 जनवरी को सुसनेर के रहने वाले फैजान से 330 ग्राम एमडी भी जब्त हो गई, इसके अलावा 28 जनवरी को कोतवाली पुलिस झालावाड़ के घाटाखेड़ी भी पहुंच गई, जहां से बड़ी मात्रा में ड्रग पकड़ने का दावा किया गया और इसका खूब ढिंढोरा भी पीटा। हालांकि घाटाखेड़ी की कार्रवाई पर भी अब सवाल उठने लगे हैं जिनकी गूंज राजधानी तक सुनाई दे रही है।

 

इन सब के बावजूद राजस्थान पुलिस की मंगलवार रात हुई कार्रवाई ने एक बार फिर चेताया है कि अगर अब भी सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो यह नेटवर्क नए ठिकानों से फिर सक्रिय हो सकता है। जनता अब सिर्फ कार्रवाई नहीं, पूरा सच चाहती है।क्योंकि सवाल बहुत हैं, और जवाब अब भी बाकी हैं।

 

चित्र- विनोद कुमार सिंह, एसपी

 

शशि उपाध्याय, कोतवाली थाना प्रभारी।

  • Related Posts

    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    Spread the love

    Spread the love  सुश्री सरोज कंसारी                                              लेखिका एवं…

    नज्म

    Spread the love

    Spread the love    राजेन्द्र रंजन गायकवाड                                               (सेवा…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    • By User
    • November 9, 2026
    • 9 views
    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    नज्म

    • By User
    • November 9, 2026
    • 24 views
    नज्म

    कर्मफल (भाग 25)

    • By User
    • November 9, 2026
    • 14 views
    कर्मफल  (भाग 25)

    नवम्वर‌ राज्य स्थापना के बाद भी पर्वतीय विकास की उपेक्षा, राज्य सरकारों पर उत्तराखंड लोक वाहिनी ने उठाए सवाल।

    • By User
    • November 9, 2026
    • 10 views
    नवम्वर‌ राज्य स्थापना के बाद भी पर्वतीय विकास की उपेक्षा, राज्य सरकारों पर उत्तराखंड लोक वाहिनी ने उठाए सवाल।

    26वें राज्योत्सव पर राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, विकास पुस्तिका “सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान” का हुआ विमोचन।

    • By User
    • November 9, 2026
    • 7 views
    26वें राज्योत्सव पर राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, विकास पुस्तिका “सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान” का हुआ विमोचन।

    उत्तराखंड स्थापना दिवस पर ऊखीमठ में शहीदों को दी श्रद्धांजलि

    • By User
    • November 9, 2026
    • 15 views
    उत्तराखंड स्थापना दिवस पर ऊखीमठ में शहीदों को दी श्रद्धांजलि