राजेंद्र रंजन गायकवाड़
स्काई गार्डन रिसॉर्ट मैनपाट अंबिकापुर
(नया अध्याय, देहरादून)
“बीस रुपये की ईमानदारी”
(लघु कथा)
मैनपाट की पहाड़ियों में, अंबिकापुर से थोड़ी दूर, स्काई गार्डन रिसॉर्ट में सुबह की धूप चमकना शुरू हुई थी। रिसॉर्ट में रंजन अपनी सुबह की चाय पी रहे थे, तभी पास के हॉस्टल से दो मासूम बच्चे दौड़ते हुए आए। एक कक्षा छठी में पढ़ता छोटा लड़का, दूसरा कक्षा सातवीं में। दोनों के चेहरे पर भूख और शर्म का मिला-जुला भाव था। बड़ा लड़का धीरे से बोला,
“सर, हमें नाश्ता करना है। हमारे पास सिर्फ बीस रुपये हैं।”
राजेंद्र रंजन मुस्कुराए। उन्होंने कहा,
“ठीक है बेटा, तुम दोनों गार्डन घूम लो। नाश्ता तैयार हो जाएगा।”
बच्चे गार्डन में घूमे, फूलों को देखा, हँसे-खेले। थोड़ी देर बाद जब चाय-नाश्ता हो गया, तो दोनों ने टेबल पर बीस रुपये रख दिए। एक दस का नोट फटा हुआ था, पर दोनों के चेहरे पर संतोष था। राजेंद्र रंजन ने पैसे वापस करने को कहा,
“रखो बेटा, तुम मेहमान हो।”
तभी छोटा लड़का सीधा खड़ा हो गया और गंभीर स्वर में बोला,
“सर, हम मुफ्त में कभी नहीं खाते और न कभी खाएँगे।”
उसकी आवाज में इतना दृढ़ संकल्प था कि राजेंद्र रंजन का हृदय प्यार से भर गया। उन्होंने अपनी दो किताबें निकालीं एक सामाजिक उपन्यास “प्रेम पच्चीसा” और दूसरी “परिवर्तक जेल अधीक्षक की आत्मकथा”। दोनों बच्चों को भेंट करते हुए बोले,
“ये मेरी लिखी किताबें हैं। तुम दोनों आपस में बैठकर पढ़ना।”
अचानक दोनों बच्चे झुक गए और राजेंद्र रंजन के पैर छूने लगे। राजेंद्र रंजन ने उन्हें गले से लगा लिया। उनकी आँखों में अपने बचपन की यादें तैर आईं वो दिन जब खुद उन्होंने भी गरीबी में ईमानदारी का रास्ता चुना था।
ईमानदारी कभी अमीरी या गरीबी पर नहीं टिकती। बीस रुपये के साथ आए उन दो मासूमों ने सिखा दिया कि
“सम्मान और स्वाभिमान का मूल्य किसी भी नोट से ज्यादा होता है।”
जो बच्चा कहता है
“हम मुफ्त में नहीं खाएँगे”,
वह भविष्य में कभी किसी से भी भीख नहीं माँगेगा।
वह कभी गलत रास्ता नहीं चुनेगा।
राजेंद्र रंजन जैसे लोग सिर्फ नाश्ता / खाना नहीं देते, वे आत्म-सम्मान और शिक्षा का बीज भी बोते हैं। उनका सोचना “थोड़े पैसे में भी पूरी ईमानदारी रखो, तो सारी दुनिया तुम्हारे सामने झुक जाएगी।”
मंगल हो उन छोटे-छोटे ईमानदार बच्चों की! जय हो उनके माता पिता और शिक्षकों की जो बाजारवादी सोच में सामाजिकता और नैतिकता बनाए हैं।
(सच्ची घटना पर आधारित)






